नियामताबाद। टैंकर से पेट्रोल चोरी करने वाले गिरोह को अलीनगर पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। चार बदमाश काफी समय से टैंकर से तेल की चोरी करते थे। आठ सितम्बर को पुलिस को क्षेत्र के जंसो के मड़ई के पेट्रोल पंप के पास टैंकर से तेल चोरी करने की सूचना मिली थी। पुलिस के पहुंचने तक बदमाश फरार हो गए थे पर तेल निकालने के सामान और टैंकर का ढक्कन खुला मिला। मुकदमा दर्ज कर दबिश दे रही पुलिस को शुक्रवार को सफलता मिली। अलीनगर पुलिस को आठ सितम्बर को सूचना मिली की जंसो की मड़ई के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप के पास टैंकर से कुछ लोग तेल की चोरी कर रहे हैं। सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो तेल चोरी करने वाले मौके से फरार हो गए थे। जबकि टैंकर के चारों चेंबर का ढक्कन खुला हुआ था। वही एक चेंबर से टैंकर की ईंधन टंकी में एक पाइप लटकी हुई थी। पुलिस को मौके से करीब 20 हजार लीटर तेल भरा टैंकर, प्लास्टिक की बाल्टी, दो पाना, एक छोटा चाकू, एक स्टील की स्केल, एक प्लास, एक हैण्डलयुक्त पाइप लगा पाना आदि मिला था। जब मामले की जांच हुई तो उसमें आरोपित अलीनगर थाना क्षेत्र के लाखापुर मड़ई निवासी विनोद पासवान व दीपक कुमार यादव, सैयदराजा थाना क्षेत्र के सोगाई निवासी रविंद्र सोनकर व चन्दौली कोतवाली क्षेत्र के डिग्घी निवासी तौफीक अहमद के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ। शुक्रवार को चारो को गिरफ्तार कर लिया गया। अलीनगर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित टैंकर के चैंबर से तेल निकाल कर उसे इकठ्ठा कर बेच देते थे।