धीना। स्थानीय थाना के रैथा गांव में शुक्रवार की देर शाम कूड़ा जलाने को लेकर हुए विवाद के बाद चुनाव में हार से बौखलाए लोगों ने प्रधान सहित चार लोगों का मारपीट कर जख्मी कर दिया। घायलों की तहरीर पर हमले में शामिल 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रैथा गांव के प्रधान पद पर इजहार (42) ने जीत हासिल की, जबकि इम्तियाज को हार मिली थी। शुक्रवार की शाम इजहार का समर्थक रमजान (45) घर से सटे आमिर के मकान की दीवार से सटाकर कूड़ा जला रहा था। गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। बात बढ़ी तब तक दूसरे पक्ष के इम्तियाज ने समर्थकों के साथ पहुंच गए और रमजान की पिटाई शुरू कर दी। शोर सुनकर प्रधान के साथ उसका भाई दिलशेर (38) और शमशेर (45) बीच बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने प्रधान सहित भाइयों को मारपीट कर जख्मी कर दिया। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर हमला करने के आरोप में इम्तियाज, ताहिर, मुमताज, नूरहसन, हासिम, इरशाद, मुमताज, शकील, बेचू सहित 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। सीओ ए.के. सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।