BJP विधायक का फूंका पुतला : जानें क्यों दर्ज हुआ 200 लोगों के खिलाफ मुकदमा, अधिवक्ताओं ने जताई नाराजगी
इसके पहले अधिवक्ताओं ने अफसरों पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए न्यायिक कार्य से विरत होकर अपना विरोध जताया था। आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर मुगलसराय व सकलडीहा एसडीएम ने अधिवक्ताओं के साथ बदसलूकी की। अधिवक्ताओं ने डीएम निखिल टीकाराम फुंडे व एसपी ऑपरेशन अनिल कुमार यादव से मिलकर शिकायत दर्ज कराई।
विस्तार
पीडीडीयू नगर की मुख्य सड़क पुरानी जीटी रोड को छह लेन बनाने की मांग को लेकर मुखर अधिवक्ताओं ने पीडीडीयू नगर तहसील गेट पर गुरुवार को मुगलसराय से भाजपा विधायक रमेश जायसवाल का पुतला फूंका।
इससे पूर्व तहसील परिसर में भाजपा विधायक रमेश जायसवाल के खिलाफ अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। वहीं, विधायक पर गंभीर आरोप लगाए। अधिवक्ता सड़क को छह लेन बनाने की मांग कर रहे हैं।
पड़ाव से गोधना हाइवे चौराहे पर छह लेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन पीडीडीयू नगर में चार लेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव है। इसकी जानकारी होने के बाद लोग आक्रोशित हैं।
बीते दिनों विधायक ने भी वीडियो जारी कर कहा था कि उन्होंने नगर में सड़क की चौड़ाई कम करा दी है। इसको लेकर लोग विधायक से भी नाराज हो गए हैं। मुगलसराय तहसील के अधिवक्ताओं ने विधायक का पुतला फूंका।
सड़क चाैड़ीकरण का है मामला
इस दौरान अधिवक्ता अभिषेक कुमार गौतम ने कहा कि 70 फीट चौड़ी रोड को 40 फीट कराने का विधायक का एक वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने पुलिस लगाकर अधिवक्ताओं के साथ हाथापाई कराई। यह घोर निंदनीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के इशारे पर पीडीडीयू नगर के 200 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। कहा कि यदि विधायक उनकी बात नहीं मानें तो उनके घर के सामने धरना दिया जाएगा। पुतला दहन करने वालों में अधिवक्ता रंजीत कुमार सिंह, अमित तिवारी आदि शामिल रहे।
इस मामले भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। शासन की योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस संदर्भ में सवाल-जवाब लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और जिले के बड़े अफसर दे सकते हैं। मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।