UP: लाजपत नगर डबल मर्डर केस का मुख्य आरोपी पीडीडीयू जंक्शन से गिरफ्तार, बिहार जाने की फिराक में था आरोपी
Chandauli News: दिल्ली के लाजपत नगर में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे उत्तर प्रदेश के चंदौली के पीडीडीयू जंक्शन पर मगध एक्सप्रेस ट्रेन से पकड़ा गया।
विस्तार
राजधानी दिल्ली के लाजपत नगर में हुए डबल मर्डर केस के मुख्य आरोपी को चंदौली जिले के पीडीडीयू जंक्शन पर बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान मुकेश (20) पुत्र नरेश, निवासी ग्राम धधुआ, जंदहा, जिला पटना (बिहार) के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी मगध एक्सप्रेस के जनरल कोच से उसे गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।
इसे भी पढ़ें; दिल्ली में डबल मर्डर: नौकर ने की मालकिन और उसके 14 वर्षीय बेटे की हत्या, इस वजह से काट दिया दोनों का गला
बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद फरार होकर अपने गृह जनपद लौटने की फिराक में था। दिल्ली पुलिस द्वारा साझा की गई सूचना के आधार पर चंदौली पुलिस ने सक्रियता दिखाई और उसे समय रहते दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिल्ली पुलिस के हवाले किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।