चंदौली: चोरी के आरोप में दलित युवक को बंधक बनाकर बेल्ट-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
चंदौली जिले में चोरी के आप में दलित युवक को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां का आरोप है कि बेटे को जातिसूचक गालियां देकर बेल्ट-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई। मोबाइल तोड़ा और रुपये छीन लिए। पुलिस का कहना है कि चोरी करते पकड़े जाने पर पिटाई हुई।
विस्तार
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में दलित युवक रणवीर को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़ित की मां शीला देवी ने आरोप लगाया है कि युवक को जातिसूचक गालियां देते हुए बेल्ट और डंडों से बुरी तरह पीटा गया। उसका मोबाइल तोड़ने के साथ रुपये भी छीन लिए गए। वहीं, पुलिस का कहना है कि युवक चोरी करते हुए पकड़ा गया था, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की। मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गेस्ट हाउस के पीछे गली में बंधक बनाकर पीटने का आरोप
शीला देवी के अनुसार, छह और सात नवंबर की रात जीटी रोड स्थित अग्रवाल गेस्ट हाउस के पीछे गली में रणवीर को बंधक बनाकर पीटा गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे जातिसूचक गालियां दी गईं। बेल्ट और डंडों से हमला करने के साथ उसका मोबाइल तोड़ दिया गया और रुपये भी छीन लिए गए। पीड़ित की मां ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के अनुसार, युवक चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की। पुलिस के मुताबिक, रणवीर के खिलाफ चोरी के छह पूर्व मुकदमे दर्ज हैं।
तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज
पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद मारपीट और कानून हाथ में लेने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। चोरी का आरोप होने के बावजूद किसी व्यक्ति को बंधक बनाकर पीटना और उसके साथ हिंसा करना कानूनन उचित नहीं है। मामले में पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।