चंदौली: चुनाव ड्यूटी पर आए सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारकर दी जान, उठ रहे कई सवाल
सीआरपीएफ की अल्फा 08 उड़ीसा बटालियन की एक कंपनी चंदौली के शिकारगंज स्थित एसआरबीएस स्कूल में ठहरी है। शुक्रवार देर रात इस बटालियन के एक जवान ने खुद को गोली मार ली।
विस्तार
चंदौली में चुनाव कराने आई आठवीं सीआरपीएफ बटालियन के जवान विपिन दास ने शुक्रवार की रात इंसास राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की वजह पता नहीं चल सकी। विधानसभा चुनाव कराने के लिए आठवीं सीआरपीएफ बटालियन के जवान चकिया विधान सभा क्षेत्र सिकंदरपुर स्थित एसआरबीएस स्कूल में ठहरे हैं।
इन्हीं में केरल के कुन्नूर जिला निवासी विपिन दास भी थे। सीआरपीएफ कमांडेंट रामलखन ने बताया कि छठवें चरण के चुनाव की ड्यूटी के बाद जवान चकिया सेंटर शुक्रवार की रात साढ़े नौ बजे पहुंचे। वाहन से उतरकर विपिन दास फोन पर घरवालों से बात करते हुए स्कूल की चौथी मंजिल पर चले गए।
थोड़ी ही देर बाद गोली की आवाज सुनकर अन्य जवान भागकर मौके पर पहुंचे तो विपिन दास खून से लथपथ जमीन पर गिरे मिले। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों दी गई। विपिन को तत्काल चकिया नगर स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद जवान को मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल व सीआरपीएफ के उच्चाधिकारियों ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली।