{"_id":"59a317344f1c1ba1248b4a15","slug":"181503860532-chandauli-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लुका छिपी के बाद ट्रेन रोकने पहुंचे पांच गिरफ्तार","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
लुका छिपी के बाद ट्रेन रोकने पहुंचे पांच गिरफ्तार
Updated Mon, 28 Aug 2017 12:32 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मुगलसराय (चंदौली)। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर मुगलसराय स्टेशन का नाम रखने सहित दस सूत्री मांगों के समर्थन में रविवार को ट्रेन रोकने पहुंचे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जन्म स्थली सेवा न्यास के पांच सदस्यों को लुका छिपी के बाद गिरफ्तार किया गया। इसके पूर्व ट्रेन रोको आंदोलन की घोषणा के मद्देनजर चार घंटे तक स्टेशन पुलिस छावनी में तब्दील रहा। न्यास के सदस्यों ने सुरक्षा बलों को चार घंटे तक खूब छकाया। रेलवे सुरक्षा बल के असिस्टेंट कमांडेंट संतोष कुमार सिंह ने कहा कि पकड़े गए सदस्यों को रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालान कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मुगलसराय स्टेशन का नाम लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर रखने की मांग को लेकर जन्म स्थली सेवा न्यास के सदस्य लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। एक माह पहले ट्रेन रोकने आ रहे सदस्यों के जुलूस को जीआरपी ने पहले ही रोक लिया था और ज्ञापन लेकर उन्हें जाने दिया था। इसी दौरान सदस्यों ने 27 अगस्त को फिर से ट्रेन रोकने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के मद्देनजर शनिवार की सुबह से ही जीआरपी और आरपीएफ एलर्ट हो गई और एक सेक्शन पीएसी भी बुला ली गई। बावजूद इसके आंदोलन के लिए दिए समय सुबह 10 बजे तक स्टेशन पर कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद अनहोनी की आशंका से स्टेशन पर पुलिस की संख्या बढ़ने लगी। देखते ही देखते मुगलसराय कोतवाल एसपी सिंह, अलीनगर थानाध्यक्ष अतुल नारायण सिंह के अलावा बबुरी थानाध्यक्ष एके सिंह, यातायात प्रभारी आशीष सिंह आदि पहुंच गए। 11 बजे तक आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट एसके सिंह, सीओ सदर त्रिपुरारी पांडेय आदि भी पहुंच गए। बज्र वाहन और फायर ब्रिगेड की टीम भी बुला ली गई। जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह, आरपीएफ मुगलसराय पोस्ट के प्रभारी इंस्पेक्टर एसए सिद्दीकी, उपनिरीक्षक जेके सिंह, जीएस राणा, एके सिंह आदि भी चौकन्ने घूम रहे थे। करीब एक बजे सुरक्षा बलों ने स्टेशन पर घूम रहे न्यास के सदस्य संतोष कुमार पाठक, अभिषेक नारायण और श्वेता सिद्धिदात्री को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद डेढ़ बजे आई 63233 अप बक्सर मुगलसराय पैसेंजर में छिपे न्यास के संयोजक कृष्णा गुप्ता और सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन