Chandauli News: जहां निकला शिवलिंग वहां था बड़ा शिवाला, खोदाई के लिए अड़े ग्रामीण, प्रशासन से तीखी झड़प
Chandauli News: चंदौली जिले में 26 जुलाई को जिस स्थान पर शिवलिंग मिला था, ग्रामीण उस स्थान को शिवाला बता रहे हैं। उनका कहना है कि पुराने समय में इस जगह पर शिवाला था। ये मामला पुलिस प्रशासन तक पहुंच गया है।
विस्तार
चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखंड के धपरी गांव में 26 जुलाई की शाम मदरसे के लिए खोदाई के दौरान नींव से शिवलिंग मिला। उसी रात शिवलिंग को गांव के मंदिर में रख दिया गया। रविवार को पूरे दिन जमीन की पैमाइश हुई और शाम को मुस्लिम पक्ष के सकलैन ने एक बिस्वा जमीन मंदिर बनाने के लिए देने को कहा।
इधर, सोमवार को मामला तब बिगड़ गया जब सुबह गांव की महिलाओं ने मंदिर से शिवलिंग को सिर पर उठाकर उसी स्थान पर लाकर रख दिया, जहां से खोदाई के दौरान निकला था। आसपास ईंट सजाकर रख दिया और वहीं कीर्तन करने लगीं। इस दौरान उसी स्थान पर एक पत्थर का दूसरा हिस्सा भी मिला, जिसको देखकर लोगों ने आशंका जताई कि उसपर घंटा आदि टांगा गया होगा।
लोगों ने कहा कि हमे एक बिस्वा जमीन दान नहीं चाहिए। हमारे पुरनियों ने बताया कि यहां शिवाला था और पूरा का पूरा मंदिर नीचे साजिशन ढक दिया गया है। इसकी खोदाई होनी चाहिए। पूरा जमीन हिंदू पक्ष का है। इस दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि जब वे शिवलिंग लेकर आ रही थीं तो कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। जिससे वे खेत में गिर गईं फिर भी उन्होंने शिवलिंग को वहां ले जाकर स्थापित किया।
इसे भी पढ़ें; Kanwar Yatra 2025: नकली कांवड़िया बन यात्रा में होते थे शामिल, फिर करते थे चोरी की वारदात; तीन आरोपी गिरफ्तार
आरोप लगाया कि प्रशासन मुकदमा करने की धमकी दे रहा है। इसको लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह और लोगों के साथ पुलिस के अधिकारियों से झड़प भी हुई। मौके कई थानों की फोर्स जुटी है। मामला सोमवार की शाम तक सुलझा नहीं है। सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर मौजूद है।