Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chandauli News ›   After bathing and meditation, offering of gourd rice

Chandauli News: स्नान-ध्यान के बाद लौकी-भात का लगाया भोग

Sat, 14 Nov 2026 12:26 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 12:26 AM IST
विज्ञापन
After bathing and meditation, offering of gourd rice
चकिया में दउरी की खरीदारी करती महिलाएं। संवाद - फोटो : सांकेतिक
नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय डाला छठ शुरू, स्नान-ध्यान के बाद व्रतियों ने लगाया लौकी-भात का भोग
विज्ञापन

पीडीडीयू नगर। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। व्रतियों ने स्नान-ध्यान के बाद व्रत का संकल्प लिया और पूरी शुद्धता के साथ चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी तैयार की। भगवान सूर्य को जल अर्पित करने के बाद लौकी-भात का भोग लगाया और स्वयं प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही छठ पर्व के अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई। वहीं, छठ मइया के पारंपरिक गीतों से नगर से लेकर गांव तक का माहौल भक्तिमय हो गया है। भगवान भास्कर की आराधना के इस महापर्व की तैयारियां दीपावली के साथ ही शुरू हो गई थीं। शुक्रवार को व्रतियों ने घरों में विशेष साफ-सफाई की। इसके बाद स्नान-ध्यान कर पूरे विधि-विधान से व्रत का संकल्प लिया। फिर चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी तैयार की। दाल और सब्जी में सेंधा नमक का इस्तेमाल किया गया, जबकि सरसों के तेल की जगह घी का प्रयोग किया गया। जिन घरों में छठ का व्रत रखा जा रहा है, वहां दीपावली के बाद से ही प्याज और लहसुन का इस्तेमाल बंद कर दिया गया है। भोजन बनाने से लेकर पूजा-पाठ तक शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नहाय-खाय का भोजन तैयार होने के बाद व्रतियों ने भगवान सूर्य की आराधना कर जल अर्पित किया और फिर भोजन ग्रहण किया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों ने भी प्रसाद स्वरूप भोजन किया। अब घरों में खरना और अर्घ्य की तैयारियां शुरू हो गई हैं। व्रतियों ने अर्घ्य का प्रसाद तैयार करने के लिए गेहूं धोकर सुखाया। उधर, परिवार के सदस्य घरों के नजदीक स्थित सरोवरों और घाटों पर साफ-सफाई में जुट गए हैं। लोगों ने घाटों पर अपना नाम लिखकर जगह सुरक्षित की और घाट छेंकने की परंपरा निभाई। घाटों पर वेदी बनाने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। शनिवार को व्रती खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे। इस दिन शाम को पूजा-अर्चना और दीपदान किया जाएगा। व्रती घरों में दूध, चावल और गुड़ से खीर तैयार करेंगे। भगवान को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होगा।
पूजा सामग्री की दुकानें सजीं, फलों और पूजन सामग्री की खरीदारी को बाजारों में उमड़ी भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। डाला छठ पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने का विशेष महत्व है। प्रकृति पूजा के इस अनुपम पर्व पर फलों और अन्य प्राकृतिक वस्तुओं से अर्घ्य देने की परंपरा है। इसी को देखते हुए शुक्रवार से ही बाजारों में फलों की दुकानें सजने लगीं। इसके साथ ही जगह-जगह पूजन सामग्री की दुकानें भी लग गईं। बिहार के प्रमुख लोकपर्व डाला छठ का महत्व अब पूर्वांचल में भी तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि पर्व की तैयारियां दीपावली के बाद से ही शुरू हो जाती हैं। लोक आस्था पर आधारित इस पर्व को बिना वेद मंत्रों और लिखित नियमों के पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। समय के साथ इसकी महत्ता और लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को बाजारों में सबसे अधिक भीड़ फलों, पूजन सामग्री और सूप-दउरी की दुकानों पर रही। नगर के नई सट्टी, परमार कटरा, रस्तोगी गली और गल्ला मंडी के साथ ही जीटी रोड की पटरियों पर जगह-जगह अस्थायी दुकानें सजी रहीं। इन दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
विज्ञापन

राज्यसभा सांसद ने जाना यात्रियों का हाल, सुविधाओं का लिया जायजा
प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय और एस्केलेटर का किया निरीक्षण, यात्रियों से लिया फीडबैक
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। डाला छठ पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और उनके लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए भाजपा की राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने बृहस्पतिवार की शाम पीडीडीयू जंक्शन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने एमयूटीएस के माध्यम से पीडीडीयू जंक्शन से चंदौली का टिकट भी खरीदा। सांसद ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की पड़ताल की। उन्होंने प्रतीक्षालय, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई, लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म पर बैठे यात्रियों से ट्रेनों के समय पर संचालन, खानपान स्टालों पर रेट लिस्ट और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया। यात्रियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उन्होंने उनके समाधान का आश्वासन दिया। सांसद ने कहा कि पीडीडीयू जंक्शन देश के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में से एक है। ऐसे में यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक और आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

छठ पूजा को लेकर कैली गंगा घाट पर तैयारियां अधूरी
बैरिकेडिंग नहीं होने से श्रद्धालुओं में आक्रोश, तेज बहाव और गहराई के चलते सुरक्षा को लेकर चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
ताराजीवनपुर। छठ महापर्व को लेकर कैली गंगा घाट पर इस वर्ष भी तैयारियां अधूरी हैं। इससे श्रद्धालुओं में नाराजगी और असमंजस की स्थिति बनी हुई है। घाट पर आसपास के करीब 50 गांवों से हजारों श्रद्धालु छठ पूजा करने पहुंचते हैं। इसके बावजूद अभी तक बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे लोगों में आक्रोश है। ग्राम प्रधान जवाहिर ने बताया कि घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश, रास्ते और नाव की व्यवस्था करा दी गई है। हालांकि, बैरिकेडिंग का काम लंबा होने के कारण इसे शासन-प्रशासन की ओर से कराया जाता है। इस बार अभी तक यह काम नहीं हुआ है। इससे घाट पर सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि गंगा में पानी का बहाव तेज है और गहराई भी अधिक है। ऐसे में बैरिकेडिंग के अभाव में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को अर्घ्य देने के दौरान परेशानी हो सकती है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। शुक्रवार को घाट पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए कानूनगो अखिलेश मिश्रा, ग्राम विकास अधिकारी कमलेश यादव, समाजसेवी श्रवण यादव, धर्मेंद्र पांडेय, रतन पासवान, विनोद रावत, सुनील मोहन और धर्मूराम सहित कई लोग पहुंचे। उन्होंने घाट की स्थिति देखी और प्रशासन से जल्द बैरिकेडिंग कराने की मांग की, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से छठ महापर्व मना सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed