Chandauli News: राजदारी घूमने आए पर्यटकों को ईंट लेकर दाैड़ाया, बदमाशों ने ओवरटेक कर धमकाया; पहुंची पुलिस
चंदौली के राजदरी वाटरफाॅल पर घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को मनबढ़ों का सामना करना पड़ रहा है। ये लोग आए दिन शराब पीकर लोगों को धमकाते देखे जा सकते हैं। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
विस्तार
बुधवार की शाम को वनांचल क्षेत्र के राजदरी-देवदरी जलप्रपात से लौट रहे पर्यटकों के साथ बदमाशों ने हाथापाई की। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पटपरा गांव निवासी ऋषभ कुमार अपने साथियों के साथ पर्यटन स्थल से वापस आ रहे थे।
बदमाशों ने जलेबिया मोड़ से उनका पीछा शुरू किया। गरला गांव के पास पहुंचते ही बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने ईंट-पत्थर से मारने की धमकी दी और हाथापाई की। ऋषभ कुमार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस की सूचना मिलते ही बदमाश वहां से भाग निकले। पुलिस के पहुंचने तक बदमाश फरार हो चुके थे। घटना के बाद से अन्य पर्यटकों में भी दहशत का माहौल बना रहा।
लतीफशाह राजदारी जाने वाले सैलानियों का कहना है कि वह वनांचल क्षेत्र में अनजान जगह पर आकर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी नागेंद्र कुमार रावत ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भुक्तभोगियों द्वारा डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस प्रशासन को मौके पर बुलाया गया था। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
अक्सर जंगलों में हो जाती है मारपीट
वनांचल क्षेत्र में स्थित पर्यटन स्थलों पर पहुंचने वाले पर्यटक आपस में अक्सर सर आपके नशे में भूत होकर किसी ने किसी बात को लेकर आपस में उलझ जाते हैं जो मामला तूल पकड़ लेता है।और कभी-कभार गंभीर मारपीट के रूप में भी तब्दील हो जाता है।
ये लोग परिवार के साथ आई महिलाओं व युवतियों से भी गाली गलौज करने लगते हैं। ऐसे में दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों के साथ महिलाएं और बच्चे अपने आप को असुरक्षित भी महसूस करते हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे में स्थानीय पुलिस प्रशासन को व्यवस्थाएं चाकचौबंद करनी होगी।