चंदौली में खौफनाक वारदात: दवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ शूटर
Chandauli News: नगर में दवा व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गया। गली में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में शूटर कैद हो गया है।
विस्तार
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पीडीडीयू नगर स्थित जीटी रोड पर बीती रात लगभग साढ़े दस बजे बदमाश ने दवा व्यवसायी रोहिताश पाल (46) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बदमाश पैदल ही फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी, सीओ समेत दो थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गयी।
बुधवार की सुबह जानकारी के बाद दवा व्यवसायी में आक्रोश पनप गया। व्यापारी बांह में काली पट्टी बांधकर मृतक व्यवसायी के दुकान के बाहर बांह में काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठ गये। दवा व्यापारियों ने चेताया कि हत्यारोपी के पकड़े जाने तक दवा की दुकानें बंद रहेगी।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पीडीडीयू नगर स्थित रविनगर निवासी रोहिताश पाल की जीटी रोड किनारे दवा की दुकान है। मंगलवार की रात लगभग साढ़े दस बजे दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे तभी एक बदमाश ने पीछे से सिर में गोली मार दी। इससे वह जमीन पर गिर पड़े। इस दौरान बदमाश धर्मशाला रोड से होते हुए फरार हो गया। परिवार वाले रोहिताश को घायलावस्था में अलीनगर स्थित एक निजी चिकित्सालय में ले गये, जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
बुधवार को व्यवसायी की मौत के बाद दवा व्यवसायियों में आक्रोश पनप गया। दवा व्यवसायी रोहिताश की दुकान के बाहर काली पट्टी बांधकर धरने पर बैठ गये। इस दौरान सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने व्यापारियों को समझाया। इस दौरान दवा विक्रेता समिति के संगठन मंत्री विकास सिंह ने कहा कि जब तक आरोपी नहीं पकड़ जाता तब तक जिले के सभी मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। वहीं घर पर व्यवसायी का शव पहुंचते ही वहां व्यापारियों का हुजूम उमड़ पड़ा। शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सीओ कृषण मुरारी शर्मा, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह समेत तीन एसआई और काफी संख्या पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
हुडी पहनकर आया शूटर दो मिनट में आंखों से ओझल हो गया
पीडीडीयू नगर। नगर स्थिज जीटी रोड पर बदमाश ने 10 बजकर 30 मिनटर पर रोहिताश पाल को गोली मारी। सीसीटीवी की फुटेज में बदमाश 10 बजकर 32 मिनट में धर्मशाला रोड से भागता हुआ नजर आया। हालांकि दवा व्यवसायी के एक स्टाफ ने बदमाश का पीछा करने का प्रयास लेकिन वहीं दो मिनट में आंखे से ओझल हो गया।
बदमाश हुडी पहने हुए था। वही पुलिस की दी गई तहरीर में व्यवसायी के परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और न ही किसी पर आशंका जताई है। व्यापारी भी काफी मृदुभाषी था उससे किसी का कोई विवाद ही नहीं था। ऐसे में यह सबसे बड़ी गुत्थी है कि व्यवसायी को किसने और क्यों गोली मारी।
अपराधियों के हौसले बुलंद है, पुलिस मूकदर्शक- वीरेंद्र सिंह
नगर के दवा व्यवसायी रोहिताश पाल की हत्या के बाद बुधवार को नेताओं का जमावड़ा लगा। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए मृतक के परिवार वालों को पांच करोड़ रुपये की मांग की। सपा के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह परिजनों से मिलने पहुंचे और कहा कि प्रदेश में जंगलराज है। चंदौली में लगातार अपराधियों के हौसले बुलंद है, पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।
प्रदेश सरकार के चाक-चौबंद कानून व्यवस्था से सारे दावे खोखले हैं। सरकार अपराधियों की संरक्षक बन गई है जिससे अपराधियों में कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। मैं सरकार से मांग करता हूं कि अपराधियों जल्द से जल्द कानून का शिकंजा कसा जाए। पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि पुलिस केवल ऑपरेशन लंगड़ा चलाने में मशगूल है। इससे अपराध कम नहीं होगा। जिले में एक साल में जितनी बड़ी हत्याएं हुईं उतनी कभी नहीं हुई।
इस दौरान सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, पूर्व चेयरमैन राजकुमार जायसवाल, मंसूर सलाम, चंद्रशेखर यादव, राजकुमार कन्नौजिया मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस की ओर से शहर कांग्रेस अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, शाहिद तौसीफ, मधुराय आदि मौजूद रहे। इसके अलावा परिवार वालों मुगलसराय भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने भी ढांढस बंधाया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन संतोष खरवार, सभासद राजेश जायसवाल, मनीष गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।
विरोध में जिले में बंद रही दवा की दुकानें
दवा व्यवसायी रोहिताश पाल की हत्या के विरोध में बुधवार को जिलेभर में दवा की दुकानें बंद रही। पीडीडीयू नगर में व्यवसायी दवा की दुकानों की शटर गिरे रहे। वहीं धानापुर में भी मेडिकल स्टोर रहे बंद रहे। दवा व्यापारी संगठन के अध्यक्ष प्रदीप प्रजापति ने बताया कि दवा दुकानदार देर रात तक लोगों की सुविधा के लिए दुकानें खोलकर रखते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटना से व्यापारियों में भय का वातावरण बन गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मेडिकल स्टोर संचालकों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराये जाने की मांग की। वहीं दवा व्यवसायी की हत्या के विरोध में नौगढ़ में दवा व्यवसायियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और एकजुट होकर संवेदना व्यक्त की।
मुगलसराय कोतवाली पुलिस दो हत्याओं का नहीं कर पाई खुलासा
मुगलसराय कोतवाली पुलिस क्षेत्र में हुई दो हत्याओं का अब तक खुलासा नहीं कर पायी है। एक वर्ष पहले 10 अगस्त 2024 को बाइक मिस्त्री ओमप्रकाश गुप्ता की बदमाशों ने चंदासी पुलिस चौकी सामने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने काफी हाथ पैर मारा लेकिन अब तक हत्यारों को पुलिस नहीं पकड़ पाई। वहीं मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव स्थित एक मकान मेकं चमौली देवी का शव मिला था। सिर पर चोट के निशान थे। इस मामले में भी पुलिस वृद्धा के हत्यारों को नहीं पकड़ पायी है।
पुलिस की छह टीमें लगीं, व्यवसायी का चैट खंगाल रही पुलिस
नगर में दवा व्यवसायी रोहिताश पाल की हुई हत्या के मामले में पुलिस विभिन्न एंगल पर जांच कर रही है। इसमें पुलिस प्रॉपर्टी विवाद के अलावा अन्य मामलों की जांच भी कर रही है। हालांकि पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पायी है। इसके लिए व्यवसायी का सीडीआर समेत वाट्सएप चैट को खंगाला जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ मौके पर सीओ देवेंद्र कुमार द्वारा 24 घंटे में घटना का खुलासा किये जाने का दावा लोगों के बीच चर्चा का विषय बनीं हुई है।
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
दवा कारोबारी रोहिताश पाल का शव बुधवार की दोपहर पोस्टमार्टम के बाद मुगलसराय के रवि नगर स्थित आवास पहुंचा। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के करूण क्रंदन से माहौल गमगीन रहा। इस दौरान दवा कारोबारी के घर परिचितों और शुभचिंतकों की भीड़ लगी रही।परिजनों और महिलाओं के करूण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
घटना का खुलासा करने के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत छह टीमों को लगाया गया है। कुछ और सीसीटीवी की फुटेज भी मिली है। घटना के शामिल अपराधियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - आदित्य लांग्हे, एसपी, चंदौली