Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chandauli News ›   Burn wards are being set up in 11 hospitals, mobile transformers and fire brigade units have been deployed, and large vehicles are being restricted from entering markets.

Chandauli News: 11 अस्पतालों में बर्न बन रहे वार्ड, मोबाइल ट्रांसफाॅर्मर और फायर ब्रिगेड तैनात, बाजारों में बड़े वाहनों पर रोक

Thu, 05 Nov 2026 01:56 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Thu, 05 Nov 2026 01:56 AM IST
विज्ञापन
Burn wards are being set up in 11 hospitals, mobile transformers and fire brigade units have been deployed, and large vehicles are being restricted from entering markets.
चकिया नगर के ट्रांसफार्मर से केबल को ठीक करता विद्युत संविदा कर्मचारी। संवाद
पीडीडीयू नगर। दीपावली पर पटाखों की आतिशबाजी, आग लगने की घटनाओं और बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिले में स्वास्थ्य, बिजली, यातायात और अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
विज्ञापन

आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में बर्न वार्ड और बेड आरक्षित किए जा रहे हैं। विद्युत निगम ने धनतेरस से दीपावली तक निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा किया है। तकनीकी खराबी आने पर आपूर्ति बहाल करने के लिए मोबाइल ट्रांसफॉर्मर तैयार रखे जाएंगे। वहीं, अग्निशमन विभाग ने पटाखा बिक्री के लिए दो क्लस्टर निर्धारित किए हैं। यहां दमकल वाहन और जवान तैनात रहेंगे।
विज्ञापन

उधर, पीडीडीयू नगर के बाजारों में त्योहार के दौरान भीड़ और जाम से बचने के लिए बड़े वाहनों और मालवाहकों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यातायात पुलिस अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती करेगी। सभी विभागों का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल राहत पहुंचाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

---------
-बिजली-
250 एम्पीयर तक पहुंच सकता है बिजली का लोड
पीडीडीयू नगर। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और घरों में रोशनी की सजावट के कारण बिजली की खपत बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विद्युत निगम ने निर्बाध आपूर्ति के लिए चंदासी उपकेंद्र से जुड़े सभी सात फीडरों की व्यवस्था दुरुस्त करनी शुरू कर दी है। जर्जर तारों और खंभों को बदलने के साथ क्षतिग्रस्त केबलों की जांच और मरम्मत कराई जा रही है।
चंदासी उपकेंद्र पर सामान्य दिनों में करीब 225 एम्पीयर बिजली का लोड रहता है। दीपावली पर इसके बढ़कर 250 एम्पीयर तक पहुंचने का अनुमान है। उपकेंद्र के इनकमिंग और आउटगोइंग फीडरों के साथ पैनलों की मरम्मत और जरूरी सुधार कार्य भी कराए जा रहे हैं, ताकि ओवरलोडिंग या तकनीकी खराबी से आपूर्ति बाधित न हो। एसडीओ दीपक पटेल ने बताया कि धनतेरस से दीपावली तक निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। मोबाइल ट्रांसफाॅर्मर तैयार रखे गए हैं। तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान करने के लिए कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
-----------
-स्वास्थ्य-
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां निरस्त
चकिया। दीपावली पर पटाखों से झुलसने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्र के अनुसार, जिले के दो जिला अस्पतालों, पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बर्न वार्ड बनाए जाने हैं। अस्पतालों में एक से चार तक बेड आरक्षित किए जाएंगे। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी, ताकि आग से झुलसने वाले मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
वहीं, अमर उजाला की पड़ताल में जिला संयुक्त चिकित्सालय में बर्न मरीजों के लिए दो बेड आरक्षित मिले। अस्पताल के प्राइवेट वार्ड स्थित कक्ष संख्या 103 और 104 में एक-एक बेड की व्यवस्था की गई है। यहां पटाखों से जलने या झुलसने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। जिला संयुक्त चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि दीपावली पर आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। इमरजेंसी में चिकित्सकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। संवाद
------------
-यातायात-
चकिया तिराहे और रामनगर पीएसी से शहर में नहीं आएंगे बड़े वाहन
पीडीडीयू नगर। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी व्यवस्था तैयार की है। त्योहार के दौरान पीडीडीयू नगर के मुख्य बाजारों में बड़े वाहनों और मालवाहकों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इससे बाजारों में जाम की स्थिति रोकने और पैदल चलने वाले लोगों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा।
यातायात प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश यादव ने बताया कि पीडीडीयू नगर की ओर आने वाले बड़े वाहनों को चकिया तिराहे से हाईवे की तरफ मोड़ दिया जाएगा। वहीं, पड़ाव की तरफ से आने वाले वाहनों को रामनगर पीएसी के पास ही रोक दिया जाएगा। बाजारों में भीड़ नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
त्योहार के दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की निगरानी रहेगी। प्रयास रहेगा कि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और आपात स्थिति में एंबुलेंस तथा अन्य जरूरी वाहनों को रास्ता मिल सके। संवाद
---------
-अग्निशमन-
पटाखे की दुकानों के बीच एक मीटर की दूरी अनिवार्य
चंदौली। दीपावली पर पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी के दौरान आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां की हैं। जिले में पटाखा बिक्री के लिए दो स्थानों पर क्लस्टर बनाए जाएंगे। पीडीडीयू नगर में दामोदरदास पोखरा और चंदौली मझवार के पास पटाखा बिक्री के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। दोनों स्थानों पर एक-एक दमकल वाहन तैनात रहेगा।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अमित राय ने बताया कि जिले में चार लोगों के पास पटाखा बिक्री का स्थायी लाइसेंस है। वहीं, पीडीडीयू नगर में 23 और चंदौली मझवार क्षेत्र के लिए सात लोगों ने अस्थायी लाइसेंस लिया है। सभी पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। दो दुकानों के बीच कम से कम एक मीटर की दूरी रखना अनिवार्य है। दोनों स्थानों पर दमकल वाहन के साथ अग्निशमन कर्मियों की टीम मौजूद रहेगी।
इसके अलावा पीडीडीयू नगर स्थित अग्निशमन केंद्र पर भी संसाधन तैयार रखे गए हैं। यहां छह बड़े और एक छोटा अग्निशमन वाहन उपलब्ध हैं। साथ ही अग्निशमन बाइक भी रखी गई है, जिससे संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आग लगने की सूचना पर तेजी से पहुंचा जा सके। संवाद
--------
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें फोन
फायर बिग्रेड- 101
एंबुलेंस- 108
ट्रैफिक पुलिस- 103

सड़क दुर्घटना - 107
--------
कोट-
-------
- दीपावली को लेकर जिले के सभी जिला संयुक्त चिकित्सालयों, सीएचसी और पीएचसी में बर्न वार्ड बनाए गए हैं। एक चिकित्सालय में एक से लेकर चार बेड आरक्षित किए गए हैं। वहीं चिकित्सकों की तैनाती रहेगी। - डॉ. पारितोष मिश्र, सीएमओ, चंदौली

- बिजली आपूर्ति में अचानक खराबी आने पर तत्काल व्यवस्था बहाल करने के लिए मोबाइल ट्रांसफाॅर्मरों का इंतजाम किया गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। त्योहार के दौरान निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। - दीपक पटेल, एसडीओ

चकिया नगर के ट्रांसफार्मर से केबल को ठीक करता विद्युत संविदा कर्मचारी। संवाद

चकिया नगर के ट्रांसफार्मर से केबल को ठीक करता विद्युत संविदा कर्मचारी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed