UP : चंदाैली में 80 बोरी खाद ब्लैक में बेचने का आरोप, ग्रामीण बोले- सुबह छह बजे चल रहा था कारनामा; होगी जांच
Chandauli News : नियामताबाद विकासखंड के सहकारी समिति पचोखर में खाद की ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आने के बाद एसडीएम ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, ग्रामीणों ने सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा और प्रदर्शन कर दिया था।
विस्तार
चंदौली में कृषि के समय डीएपी की किल्लत से किसान परेशान हैं वहीं दूसरी ओर अधिकारियों और नेताओं के साझेदारी से खाद के ब्लैक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
शनिवार को नियामताबाद विकासखंड के सहकारी समिति पचोखर का सुबह छह बजे ही ताला खोलकर किसी नेता के नजदीकी चार किसानों को 80 बोरी खाद सचिव के द्वारा दिए जाने के आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया और प्रदर्शन भी किया। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीएम ने एडीओ कॉपरेटिव, एडीओएजी और लेखपाल की टीम जांच के लिए गठित की है।
कृषि प्रधान जिले चंदौली में इस समय रबी फसलों के बोआई का काम चल रहा है। खासकर गेहूं की बोआई में डीएपी की जरूरत होती है, लेकिन किसानों को डीएपी नहीं मिल पा रहा है। जिन सहकारी समितियों पर डीएपी है भी तो वहां किसानों को मांग के सापेक्ष काफी कम उपलब्ध हो पा रहा है।
ग्रामीणों ने किया हंगामा और प्रदर्शन
शनिवार को नियाताबाद विकासखंड के साधन सहकारी समिति पचोखर पर स्थानीय किसानों ने सचिव पर 80 बोरी खाद ब्लैक करने का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन करने वालों में चंदाइत के किसान सुनील मौर्या ने बताया कि साधन सहकारी समिति को रोजाना खुलने का समय सुबह 9 बजे होता है। लेकिन शनिवार को जब मैं इधर से दूध बेचकर गुजर रहा था तो एक स्थानीय नेता सहकारी समिति पर बैठे थे और तीन-चार लोग गाड़ी में 80 बोरी खाद भरकर ले गए।
फोनकर पूछने पर सचिव महेंद्र यादव ने बताया कि मैं खेत में हूं। सवाल यह है कि जब सचिव खेत में है तो फिर कैसे खाद गाड़ी पर लादी गई। वह बिना अंगूठा लगाए। सहकारी समिति की देखरेख करने वाले कर्मचारी ने बताया कि सचिव साहब ने हमको सुबह 6 बजे फोन किया और 80 बोरी खाद देने को कहा था। जिसके बाद खाद दे दिया गया। वहीं सचिव महेंद्र यादव ने बताया कि 80 बोरी खाद पांच आधार कार्ड पर किसानों को दिया गया है। प्रदर्शन करने वाले किसानों में चंदाइत सुनील मौर्या, प्रदीप कुमार, दिनेश सिंह, संजय मौर्या, सुनील यादव, गोपाल बिंद आदि रहे।
बोले अधिकारी
सुबह खाद देने की शिकायत मिली है। मामले में एडीओ कॉपरेटिव, एडीओएजी और लेखपाल की टीम बनाकर जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। - आलोक कुमार, एसडीएम