आजमगढ़। बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मंडल में चार 33 केवी लाइनों के निर्माण और मऊ में एक नए बिजली उपकेंद्र की स्थापना के लिए शासन ने मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर कुल 6.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे विशेष रूप से गर्मियों में बिजली आपूर्ति में सुधार होगा और मऊ में नया उपकेंद्र बनने से लगभग 50 गांवों को लाभ मिलेगा। मंडल की तीन सर्किल में चार 33 केवी लाइन का निर्माण होगा। बिजनेस प्लान में आजमगढ़ प्रथम सर्किल में 15 लाख रुपये से एक लाइन, द्वितीय सर्किल में 45 लाख रुपये से एक लाइन और बलिया में 45.42 लाख रुपये की लागत से दो लाइनों का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा, मऊ में 530 लाख रुपये से एक नया बिजली उपकेंद्र बनाया जाएगा। नई लाइनों और उपकेंद्र के निर्माण से बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा। खासकर गर्मियों में बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलेगी। मऊ में बनने वाला नया उपकेंद्र लगभग 50 गांवों के लिए वरदान साबित होगा, जहां बिजली की उपलब्धता और विश्वसनीयता बढ़ेगी। विद्युत विभाग को इन सभी कार्यों को आगामी मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है। शासन की मंजूरी के बाद अब विभाग टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर निर्माण शुरू कराएगा। इस परियोजना से बिजली आपूर्ति में काफी सुधार होगा। मुख्य अभियंता वितरण इंजीनियर रामबाबू ने बताया कि 33 केवी लाइनों का निर्माण और उपकेंद्र की स्थापना के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। विभागीय प्रक्रियाओं को पूरा कर जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।