सकलडीहा। क्षेत्र में खेतों में आग की विनाश लीला जारी है। बृहस्पतिवार को फिर चार गांवों के सिवान में आग लग गई। इससे 12 से अधिक किसानों की 30 बीघे से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने लाठी डंडे से पीटकर और पानी फेंककर आग पर काबू किया। नायब तहसीलदार ने राजस्व टीम के साथ जली फसलों का मुआयना किया और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
बथावर गांव में हार्वेस्टर से गेहूं की कटाई चल रही थी। इसी दौरान अचानक खेत में आग लग गई। तेज धूप और हवा के कारण आग ने जल्द ही विकराल रूप ले लिया और बथावर से फैलकर दरियापुर, घरचित और ताजपुर गांवों के खेतों तक पहुंच गई। किसानों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। आग लगने से दरियापुर की पुष्पा देवी, शिरी यादव, शोभू यादव, बीरेंद्र यादव, रामकृत यादव, कैलाश पासवान, छांगुर पासवान, सलाऊ और मुस्तफा सहित दर्जनों किसानों का लगभग 30 बीघा गेहूं की खड़ी फसल नष्ट हो गई। ताजपुर के किसान गणेश सिंह ने बताया कि यह फसल कर्ज लेकर तैयार की गई थी। कटाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन आग लगने से सब कुछ बर्बाद हो गया। किसानों ने अपनी फसल पर बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्चों का दारोमदार बताया। घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। उन्होंने प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।