नियामताबाद। वाणिज्य कर विभाग वाराणसी मंडल व रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन तथा इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ब्लड बैंक की ओर से शुक्रवार को औद्योगिक क्षेत्र फेज एक स्थित यूपीएसआईडीसी के सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 19 उद्यमियों ने रक्तदान किया। शिविर की शुरुआत वाणिज्य कर विभाग के उपायुक्त राजीव आर्थर व एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने संयुक्त रूप से की। इस मौके पर वाणिज्य कर विभाग के उपायुक्त राजीव आर्थर ने कहा कि सभी दानों में महादान जीवनदान है। इसे रक्तदान के माध्यम से किया जा सकता है। डॉ. एनके सिंह ने कहा कि पुरुष और महिला के शरीर में प्रति किलोग्राम 10 ग्राम खून होता है। 330 ग्राम तक रक्त देने के बाद भी व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ रहता है। शिविर में पंजीकरण के बाद जांच कर 19 उद्यमियों का रक्त लिया गया। शिविर के बाद जीएसटी पर आधारित सेमिनार में अधिकारियों ने उद्यमियों को जीएसटी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उद्यमियों के जीएसटी से संबंधित कई सवालों के जवाब भी अधिकारियों ने दिया। इस मौके पर डीसी केके गुप्ता, एसी दिनेश कुमार, पुनीत तिवारी, अजय पांडेय, विकास सिंह, चंद्रेश्वर जायसवाल, अखिलेश यादव, जगन्नाथ घोष, अजय राय, मनीष चौबे, धर्मेंद्र सिंह, राजेंद्र बहल, शिवकुमार जयसवाल, सुरेंद्र जायसवाल रहे।