बुलंदशहर: उपचार के दौरान महिला की मौत, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप, बीपी की परेशानी के चलते कराया गया था भर्ती
ढाकर रोड स्थित एमआर हॉस्पिटल में शुक्रवार दोपहर को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं घटना के बाद चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौके से फरार हो गए।
विस्तार
ढाकर रोड स्थित एमआर हॉस्पिटल में शुक्रवार दोपहर को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। वहीं घटना के बाद चिकित्सक व अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला शांत कराया। सिटी स्टेशन के पास गली नंबर छह निवासी रूपलाल ने बताया कि वह सफाईकर्मी की नौकरी करते हैं। बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी विमलेश (45) को अचानक घबराहट होने लगी थी और चक्कर आ रहे थे। ऐसे में वह ढाकर रोड स्थित एमआर हॉस्पिटल में दिखाने गए थे। जहां पर चिकित्सक नहीं थे तो स्वास्थ्यकर्मियों ने दवा दी और अगले दिन आने के लिए कहा।
शुक्रवार सुबह वह अस्पताल गए और पत्नी को दिखाया। जहां स्वास्थ्यकर्मियों ने उनकी पत्नी विमलेश को सुबह 11 बजे भर्ती कर लिया और उपचार शुरू कर दिया। आरोप है कि इसके बाद परिजनों को बाद में आने के लिए कहा। आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे चिकित्सकों ने बताया कि उनकी पत्नी की मौत हो गई, जबकि उस वक्त वहां पर कोई मौजूद नहीं था।
आरोप है कि यदि तबीयत गंभीर थी तो पहले सूचना नहीं दी गई और मौत का कारण भी नहीं बताया। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सक वहां पर नहीं थे। केवल स्वास्थ्यकर्मी ही मौजूद थे, जिसके चलते उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर मोहल्ले के अन्य लोग वहां आ गए, जिसके बाद धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती चली गई और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची, जिन्होंने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। साथ ही जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, अस्पताल के प्रबंधक डॉ. प्रेम का कहना है कि महिला की तबीयत पहले से खराब थी, जिसके उपचार के दौरान मौत हुई है। परिजनों से वार्ता की जा रही है।
बेटी का हो गया था रिश्ता, शादी की करनी थी तैयारी
पीड़ित रूपलाल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी तय हो गई है, जो इसी वर्ष होनी थी। इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई थी। घर में शादी को लेकर सभी लोग खुश थे और विमलेश भी खरीदारी में जुटी थी। उनकी मौत के बाद से खुशी का माहौल मातम में पसर गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.