बर्थडे में जा रही बच्ची की मौत: घर पर चल रही थी पार्टी की तैयारी, काव्या को सड़क पर कुचल गया वाहन
बच्ची की मौत होने पर परिजन बिलख उठे। वहीं, हादसे की सूचना पर पुलिस टीम भी पहुंच गई। परिजनों ने पुलिस से आरोपी वाहन चालक की तलाश करने की मांग की।
विस्तार
यूपी के बुलंदशहर स्थित छतारी क्षेत्र के गंगावास गांव में शनिवार रात को ननिहाल आई 10 साल की बच्ची की सड़क हादसे में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की। वहीं, रविवार सुबह पोस्टमार्टम जांच के बाद परिजन शव को अलीगढ़ स्थित गांव ले गए।
बर्थडे पार्टी में आई थी अलीगढ़ से
गंगावास गांव निवासी महिपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को उनके पोते अन्नू का चौथा जन्मदिन था, जिसके चलते घर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी के चलते अलीगढ़ के गोधा थाना स्थित ताजपुर रसूलपुर गांव में रहने वाली उनकी बेटी जशोदा, दामाद चंद्रप्रकाश और धेवती काव्या (10) कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलीगढ़ से आने वाली बस में बैठकर आ रहे थे।
सड़क पार करते मारी टक्कर
शनिवार रात को जब बस गांव के बाहर पहुंची तो काव्या व परिवार के अन्य लोग नीचे उतर रहे थे। बस से उतर कर सड़क पार करते वक्त काव्या पीछे की ओर रह गई, तभी किसी अज्ञात वाहन ने काव्या को टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन बच्ची काव्या को लेकर पहासू सीएचसी पहुंचे। जहां उसको भर्ती किया गया और कुछ घंटे के उपचार के बाद काव्या ने दम तोड़ दिया।
अलीगढ़ ले गए बेटी का शव
बच्ची की मौत होने पर परिजन बिलख उठे। वहीं, हादसे की सूचना पर पुलिस टीम भी पहुंच गई। परिजनों ने पुलिस से आरोपी वाहन चालक की तलाश करने की मांग की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए भेजा गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अलीगढ़ ले गए, जहां बच्ची का अंतिम संस्कार किया गया। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में अभी परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पलभर में खुशियां बदल गई मातम में
नाना महिपाल सिंह ने बताया कि अन्नू के जन्मदिन को लेकर घर में खुशी का माहौल था। हर साल की तरह शनिवार को भी सभी रिश्तेदार घर में मौजूद थे। तभी अचानक सड़क हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल की ओर से दौड़े। जहां जानकारी मिली कि काव्या जीवित नहीं रही। इसके बाद सभी लोग बेसुध हो गए। पलभर में परिवार में छाई खुशियां मातम में बदल गई। अन्नू के जन्मदिन को लेकर काव्या भी काफी उत्साहित थी, उसको बच्चों से काफी लगाव था।