{"_id":"6af1abb44e91efea9b00c6bc","slug":"ramvati-was-strangled-to-death-after-she-resisted-a-theft-2026-11-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"चोर से भिड़ने पर चली गई जान: भागते समय पकड़े जाने पर लुटेरे ने महिला का दबाया गला, घर के बाहर शव छोड़कर भागा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
चोर से भिड़ने पर चली गई जान: भागते समय पकड़े जाने पर लुटेरे ने महिला का दबाया गला, घर के बाहर शव छोड़कर भागा
Mon, 09 Nov 2026 04:47 PM IST
Akash Dubey
संवाद न्यूज एजेंसी, छतारी (बुलंदशहर)
संवाद न्यूज एजेंसी, छतारी (बुलंदशहर)
Published by: Akash Dubey
Updated Mon, 09 Nov 2026 04:47 PM IST
सार
बहलोलपुर गांव में रामवती (56) की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी श्याम को गिरफ्तार किया। श्याम ने चोरी के दौरान विरोध करने पर रामवती की गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने उससे 96 हजार रुपये नकदी और चांदी की पायल बरामद की।
विज्ञापन
मृतक की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बुलंदशहर के छतारी थाना क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में पांच दिन पहले हुई रामवती (56) की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को हत्यारोपी श्याम को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी करने घर में घुस थे, जिसके बाद भागते वक्त महिला ने पकड़ लिया। चोरी का विरोध करने पर महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी के पास से पुलिस ने 96 हजार रुपये नकदी और चांदी की पायल बरामद की।
विज्ञापन
सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह ने बताया कि बहलोलपुर गांव निवासी अशोक ने पांच नवंबर को पुलिस को तहरीर दी थी, जिसमें अशोक कहना था कि वह और उनकी मां रामवती (56) अकेले घर में रहते थे। चार नवंबर को अशोक और पड़ोस में रहने वाले उनके बड़े भाई राजुल मजदूरी के लिए गए थे। दोपहर के वक्त भाभी ने सूचना दी कि मां रामवती घर के बाहर मृत अवस्था में पड़ी हैं।
विज्ञापन
सूचना पर वह और भाई मौके पर पहुंचे और मां को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में उनकी मौत प्राकृतिक लग रही थी, लेकिन पांच नवंबर को अंतिम संस्कार के दौरान महिलाओं ने मां के शरीर पर चोट के निशान देखे। इस पर उन्होंने हत्या का शक जताया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को गांव निवासी श्याम के खिलाफ हत्या व चोरी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई।
विज्ञापन
सीओ ने बताया कि दर्ज रिपोर्ट के आधार पर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई थी। सोमवार को पुलिस ने बहलोलपुर गांव के पास से आरेपी श्याम को गिरफ्तार किया, जिसके पास से चोरी किए गए 96 हजार रुपये नकदी व चांदी की एक जोड़ी पायल बरामद की। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।