{"_id":"6acb15b3177fd80ce5021794","slug":"police-arrested-five-accused-of-cattle-theft-following-an-encounter-2026-10-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुलंदशहर: पुलिस मुठभेड़ में दो पशु चोरों को लगी गोली, पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुलंदशहर: पुलिस मुठभेड़ में दो पशु चोरों को लगी गोली, पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
Sun, 11 Oct 2026 10:21 AM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Sun, 11 Oct 2026 10:21 AM IST
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र में जरावटी के पास हाईवे पर शनिवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस और शातिर पशु चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पांचों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, तीन चाकू, चोरी की दो भैंस, वारदात में प्रयुक्त पिकअप और 95 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुलावठी, अगौता और ककोड़ थाना क्षेत्रों समेत अन्य जनपदों में पशु चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, आगामी त्योहारों के मद्देनजर गुलावठी थाना पुलिस और स्वाट टीम शनिवार रात जरावटी क्षेत्र में हाईवे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए जरावटी-सिकंदराबाद मार्ग पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शहजाद उर्फ भूरा और शाहरूख मेवाती पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद उनके तीन अन्य साथियों फैसल, शरीफ और रिजवान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
गुलावठी, अगौता और ककोड़ में चोरी की घटनाओं में नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से पशु चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। शहजाद उर्फ भूरा के खिलाफ मेरठ, बुलंदशहर, दिल्ली और अमरोहा समेत विभिन्न स्थानों पर दर्ज मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। वहीं, अन्य आरोपियों के खिलाफ भी गुलावठी, अगौता और ककोड़ थानों में पशु चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद दो भैंसों को गुलावठी क्षेत्र से चोरी किया गया बताया है। इसके अलावा सफेद रंग की पिकअप (छोटा हाथी), दो .315 बोर के तमंचे, दो जीवित कारतूस, दो खोखा कारतूस, तीन अवैध चाकू और 95 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस पांचों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।