पारस दूध कंपनी के कैशियर से दिनदहाड़े 65 लाख की लूट, घेराबंदी के बावजूद तीन फरार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऊंचा अमीरपुर गांव के नजदीक निधावली रोड पर बोलेरो सवार पारस कंपनी के कैशियर और गनमैन की कनपटी पर पिस्टल लगाकर कार सवार पांच बदमाशों ने 65 लाख रुपये लूट लिए। लूट के दौरान बदमाश कार की चाभी भी साथ ले गए।
लूट की सूचना पर बदमाशों ने एनटीपीसी चौकी पर लगाई गई बैरिकेड तोड़कर एनटीपीसी प्लांट और रसूलपुर गांव की ओर भागने का प्रयास किया। घेराबंदी के चलते बदमाश कार और नकदी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने एक बदमाश को पकड़ लिया है। फरार हुए दो बदमाशों की घेराबंदी के लिए पुलिस ने नाकेबंदी की। घटना के थोड़ी ही देर में एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार पारस दूध कंपनी का मुख्य कार्यालय गुलावठी बुलंदशहर में है। वहां से कैशियर कमल और गनमैन चंद्र प्रकाश शर्मा ड्राइवर नरेंद्र के साथ सफेद रंग की बुलेरो में गुलावठी से धौलाना होते हुए दादरी के रास्ते गाजियाबाद बैंक में 65 लाख रुपये जमा कराने जा रहे थे। सोमवार सुबह 11 बजे के करीब ऊंचा अमीरपुर गांव के पास पीछे से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार ने ओवरटेक कर उनकी बुलेरो को रुकवा लिया।
कार से एक आदमी उतर कर उनके पास पहुंचा। खुद को पुलिस इंस्पेक्टर बताकर कार के कागजात मांगने लगा। इस दौरान तीन और बदमाश कार से उतरे और कैशियर सहित तीनों की कनपटी पर पिस्टल तान दी। बदमाशों ने कैशियर से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। तीनों के मोबाइल छीन लिए। जाते समय बुलेरो की चाभी लेकर दादरी की तरफ फरार हो गए।
राहगीरों ने 100 नंबर पर कॉल की तो पुलिस अलर्ट हो गई। लूट की सूचना पर एनटीपीसी चौकी पुलिस ने दादरी रोड पर बैरिकेडिंग लगा दी। बदमाश बैरिकेडिंग तोड़कर आगे भागे तो कार राख लदे ट्रक से कार टकराने से क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगने से एक बदमाश कार से उतरकर एनटीपीसी प्लांट की ओर भागा। जिसको पुलिस और सीआईएसएफ ने मिलकर पकड़ लिया। कार क्षतिग्रस्त होने पर बदमाशों ने रसूलपुर तिराहे पर उसको छोड़ दिया।
बदमाशों ने दादरी से आ रही दादरी थाने में तैनात दरोगा की एक दूसरी सफेद रंग की स्विफ्ट कार को गन प्वाइंट पर रोक लिया। बदमाश चालक से कार लूटकर मौके से फरार हो गए। लूट की सूचना पुलिस को मिलने पर दादरी पहुंचने वाले सभी रास्ते पुलिस ने सील कर दिए। बदमाश बिसाहड़ा फाटक से होते हुए बढ़पुरा गौशाला के पास पुलिस की नाकेबंदी देख यहीं कार को मौके पर छोड़ कर पैदल भागे। पीछा करते हुए पुलिस ने दूसरे बदमाश को पकड़ लिया। जबकि तीन बदमाश फरार हो गए, पुलिस इनकी तलाश कर रही है।
सूत्रों के अनुसार कार से लूटा हुआ कैश भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि, पुलिस अभी नकदी बरामद करने की बात से इनकार कर रही है। पुलिस ने दोनों बदमाशों से एक-एक पिस्टल बरामद की है।
राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर की है कंपनी
पारस कंपनी सपा राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर की है। जिसका मुख्य कार्यालय बुलंदशहर गुलावठी में है। मसूरी में जाम लगने के कारण से नकदी लेकर धौलाना से दादरी की ओर जा रहे थे। कंपनी के चालक नरेंद्र ने बताया कि मसूरी में सड़क निर्माण के चलते रोड पर जाम लगा रहता है। जिससे वह गुलावठी से धौलाना होते हुए वाया एनटीपीसी दादरी से गाजियाबाद लालकुंआ पहुंचते।
पूछताछ में बार-बार बयान बदल रहा है बदमाश
पारस कंपनी के मैनेजर से 65 लाख की लूट कर भाग रहे बदमाश को दादरी में गश्त कर रहे दो सिपाहियों ने धर दबोचा था। पकड़े गए बदमाश से एक रिवाल्वर और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में बदमाश बार-बार बयान बदलता रहा।
पुलिस ने बताया कि ट्रक से टक्कर होने के बाद एक बदमाश दादरी के जारचा रोड पर पैदल भाग रहा था। बदमाश की शर्ट पर खून लगा था। शर्ट खून से सनी होने पर गश्त कर रहे दो सिपाहियों ने बदमाश के पीछे पैदल ही भागना शुरू कर दिया। पहले तो बदमाश कोतवाली के सामने ही टाटा मैजिक में बैठ गया।
उसके बाद पुलिस को देख टाटा मैजिक से उतरकर पुराने बस अडडे की तरफ भाग कर दीवार कूद कर जनता इंटर कॉलेज में भागा, लेकिन दोनों पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। पुलिसकर्मियों ने स्कूल की चारदीवारी में बदमाश को घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में 65 लाख की लूट करने का जुर्म कबूल किया। साथ ही अपने साथियों के बारे में भी जानकारी पुलिस को दी।