मान्या हत्याकांड: मासूम बेटी का पिता बोला- आश्वासन न मदद... मौत के बदले मौत, ऐसी सजा मिले जो सबके लिए बने सबक
दिल में दर्द और आंखों में आंसू लिए मासूम मान्या के पिता बोले- ऐसी सजा मिले जो सबके लिए सबक बने। साथ ही कहा- बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था, मासूम की जिंदगी अंधविश्वास की भेंट चढ़ा दी। मां शारदा का भी रो-रोका बुरा हाल है।
विस्तार
बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नजीमपुरा भूड़ अवंती नगर निवासी साढ़े तीन साल की मासूम बेटी मान्या की हत्या ने पिता सचिन को अंदर तक झकझोर दिया है। बेटी को खोने का गम उनके चेहरे और आंखों से साफ झलक रहा है।
दिल में दर्द और आंखों में आंसू लिए पिता की एक ही मांग है कि उन्हें न तो सरकार से कोई आर्थिक मदद चाहिए और न ही पुलिस-प्रशासन से महज आश्वासन। उन्हें इंसाफ तभी मिलेगा, जब बेटी की हत्या की आरोपी महिला का पुलिस एनकाउंटर करेगी।
बेटी की निर्मम हत्या के बाद से मां शारदा और पिता सचिन समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटी को याद करते ही पिता का दर्द छलक पड़ता है। वह बार-बार यही कहते हैं कि आखिर उनकी मासूम बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था, जो उसे इतनी बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया।
एक महिला ने अपने स्वार्थ और अंधविश्वास के चलते उनकी हंसती खेलती दुनिया उजाड़ दी। जिस बेटी को उन्होंने बड़े अरमानों से पाला था, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगी। पिता का कहना है कि उन्हें किसी तरह की मदद नहीं चाहिए। उन्हें मौत का बदला मौत चाहिए। उनकी मांग है कि बेटी की हत्या करने वाली आरोपी महिला का पुलिस एनकाउंटर करे, ताकि ऐसी मानसिकता रखने वालों में खौफ पैदा हो।
एक बार सोनम से मिला दो, पूछना है मेरी बेटी ने क्या बिगाड़ा था
मासूम मान्या की हत्या से मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। रोते-रोते कई बार बेसुध हो रही हैं। घर में हर तरफ मातम पसरा है और मां की आंखें अब भी अपनी लाडली को तलाश रही हैं। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे सांसद भोला सिंह के सामने मां ने ऐसी मांग रखी, जिसे सुनकर हर किसी का कलेजा कांप उठा। उन्होंने न तो आर्थिक मदद मांगी और न ही किसी तरह के सरकारी आश्वासन की अपेक्षा जताई। उनकी बस एक ही इच्छा थी कि एक बार उन्हें बेटी की हत्यारोपी सोनम से मिला दिया जाए।
वह उससे आमने-सामने बैठकर पूछना चाहती हैं कि आखिर उनकी मासूम बेटी ने उसका क्या बिगाड़ा था। जिस बच्ची ने किसी का कुछ नहीं बिगाड़ा, उसे इतनी बेरहमी से क्यों मार डाला। बेटी की हत्या का दर्द मां के शब्दों और सिसकियों में साफ झलक रहा था। उनकी एक ही रट थी कि एक बार सोनम से मिलना है और उससे अपनी बेटी की मौत का जवाब पूछना है। मां का यह सवाल वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया। बेटी को खोने वाली मां के लिए अब किसी मुआवजे या आश्वासन से बढ़कर उस सवाल का जवाब है, जिसका दर्द शायद जिंदगी भर उनके दिल में रहेगा।
फर्श पर सफेद खड़िया से गुड़िया की आकृतियां बनाई गई थीं और पास ही एक दीया जलता मिला। मौके से भारी मात्रा में पूजन सामग्री भी बरामद हुई है। खड़िया से सबसे पहला नाम मान्या, दूसरा वान्या और तीसरा खुद सोनम का लिखा था। इसके आगे दो अन्य नाम लिखे गए थे। जिन्हें बाद में मिटा दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन नामों में मकान मालिक की पोती का नाम भी शामिल था, जिससे परिवार में दहशत है।
सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर सीखी तंत्रविद्या
सोनम ने बताया कि किसी तांत्रिक के संपर्क में आने के बजाय उसने सोशल मीडिया के जरिए तंत्रविद्या के तरीके सीखे थे। वह इंटरनेट पर तंत्र-मंत्र से जुड़े वीडियो देखती थी और उन्हीं से प्रभावित होकर उसने साजिश को अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन में उसकी सर्च हिस्ट्री खंगाल रही है।
इंस्टा, फेसबुक पर बना रखी थीं कई फर्जी आईडी
तकनीकी जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोनम ने इंस्टाग्राम व फेसबुक पर कई अलग-अलग आईडी बना रखी थीं। साइबर सेल की मदद से पुलिस इन सभी अकाउंट्स को खंगाल रही है। यह भी कोशिश कर रही है कि वह इन फर्जी आईडी के जरिए किस-किस के संपर्क में थी। आशंका है कि सोशल मीडिया पर ही किसी के उकसावे या भ्रामक कंटेंट के जाल में फंसकर उसने मासूम की बलि देने जैसा आत्मघाती और जघन्य कदम उठाया।
13 मिनट में ही सोनम का शिकार बन गई मान्या
बुलंदशहर। मासूम मान्या की हत्या के मामले में कई दिल दहला देने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ने इस जघन्य वारदात के आखिरी पलों की पूरी तस्वीर साफ कर दी है। फुटेज से स्पष्ट हुआ है कि घर से हंसते-खेलते निकली मान्या महज 13 मिनट के भीतर ही आरोपी महिला सोनम के खौफनाक इरादों का शिकार बन गई।
पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में मान्या की अंतिम गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 10:54 बजे मान्या अपने घर से निकलकर आरोपी महिला सोनम के घर के सामने वाली गली से गुजरती हुई दिखाई दे रही है। उस वक्त सब कुछ सामान्य था लेकिन ठीक 13 मिनट बाद यानी सुबह करीब 11:07 बजे जब मान्या वापस लौट रही थी, तो वह खुशी से उछलते-कूदते हुए आरोपी सोनम के कमरे की ओर जाती हुई नजर आई।
