पड़ोसी की पापी नजर: दीवार फांद घर में घुसा, दुष्कर्म में विफल रहा तो की महिला का गला घोंटने की कोशिश
दुष्कर्म में विफल रहने पर आरोपी ने महिला की गर्दन में दुपट्टे से फांसी लगाकर उसकी हत्या करने की कोशिश भी की। महिला की चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया।
विस्तार
बुलंदशहर के औरंगाबाद स्थित एक मोहल्ले में शनिवार देर रात घर में घुसकर युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। विफल रहने पर आरोपी ने महिला की उसके दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की कोशिश की। शोर शराबा सुनकर पहुंचे परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी महिला का पति बाहर रहकर नौकरी करता है। महिला अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ अकेली रहती है। शनिवार रात 11 बजे महिला घर में सो रही थी। इस दौरान मकान की दीवार फांदकर मोहल्ले का ही एक युवक मकान के अंदर दाखिल हो गया और महिला को पकड़ लिया।
साथ ही आरोपी ने पीड़िता के साथ छेड़खानी करते हुए गाली गलौच कर दी। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ हाथापाई की। बाद में आरोपी ने महिला को पकड़ लिया और उसके पुत्र की हत्या की धमकी देते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
दुष्कर्म में विफल रहने पर आरोपी ने महिला की गर्दन में दुपट्टे से फांसी लगाकर उसकी हत्या करने की कोशिश भी की। महिला की चीख पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। बाद में परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पीड़िता ने थाने पहुंच कर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि, मामले में रविवार शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उक्त युवक पहले ही उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे चुका है। तब महिला ने लोक-लाज के डर और गणमान्य लोगों के मान मन्नोवल के कारण फैसला कोई शिकायत नहीं की थी। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।