बुलंदशहर में सनसनीखेज वारदात: लालाराम की हत्या कर मुख्ममार्ग पर फेंका शव, सिर पर कई वार, कटी मिली एक टांग
बुलंदशहर में शिकारपुर थाना क्षेत्र के गांव रानाइच में एक सनसनीखेज वारदात हुई है। यहां 45 वर्षीय लालाराम की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
विस्तार
बुलंदशहर के गांव नरेंद्रपुर रनाइच में बुधवार रात मकान की छत पर सो रहे 50 वर्षीय किसान लालाराम की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने किसान की दाहिनी टांग घुटने के पास से काट डाली। सुबह उनका क्षत-विक्षत शव घर के बाहर रास्ते में पड़ा मिला। चौंकाने वाली बात है कि किसान का शव बाहर मिला, जबकि मकान के भीतरी कमरों और दूसरे दरवाजे पर खून के ताजे धब्बे पाए गए हैं। इससे पूरी वारदात के पीछे किसी नजदीकी का हाथ होने का अंदेशा गहरा रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी और एसपी देहात समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों के अनुसार, नरेंद्रपुर रनाइच निवासी लालाराम प्रजापति सीधे-सादे व्यक्ति थे और खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का गुजर-बसर करते थे। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात वह खाना खाने के बाद मकान की छत पर सोने चले गए थे। मकान के निचले हिस्से में उनकी पत्नी रजनी, छोटा बेटा मोहित और 14 वर्षीय नाबालिग बेटी सो रहे थे, जबकि बड़ा बेटा गौरव दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। बृहस्पतिवार सुबह जब ग्रामीण रास्ते से निकले, तो लालाराम का शव खून से लथपथ हालत में रास्ते में पड़ा देखा। शव देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। अज्ञात हत्यारों ने किसान लालाराम के सिर और चेहरे पर किसी भारी व धारदार हथियार से ताबड़तोड़ प्रहार किए थे, जिससे उनका चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि किसान की दाहिनी टांग घुटने के ठीक नीचे से काटकर अलग कर दी गई थी। इस भयावता को देखकर मौके पर मौजूद हर शख्स सन्न हो गया।
कमरों में खून के धब्बों ने उलझाई कत्ल की गुत्थी
वारदात की सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात अंतरिक्ष कुमार जैन, सीओ प्रमोद कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने जब मकान की तलाशी ली, तो मामला पूरी तरह संदिग्ध नजर आया। फील्ड यूनिट फॉरेंसिक टीम को घर के कमरों के फर्श और भीतरी दरवाजे की चौखट पर खून के छींटे व धब्बे मिले। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि लालाराम छत पर सो रहे थे तो उनका शव गली में कैसे मिला, और मकान के बंद कमरों में खून कैसे पहुंचा? क्या किसान का कत्ल कमरे के भीतर कर शव को बाहर फेंका गया, या छत पर वारदात को अंजाम देकर घसीटते हुए नीचे लाया गया? नीचे सो रहे परिजनों को इतनी बड़ी वारदात की भनक तक न लगना भी पुलिस के गले नहीं उतर रहा है।
गांव में किसी से रंजिश नहीं, करीबी रडार पर
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि लालाराम बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में न तो उनकी किसी से कोई चुनावी रंजिश थी और न ही किसी से कोई पुराना जमीन या रुपयों का विवाद। ऐसे में हत्या की वजह को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस अब अवैध संबंध, पारिवारिक संपत्ति विवाद और आपसी कलह समेत तमाम कोणों पर गहराई से पड़ताल कर रही है। घर के सदस्यों और कुछ नजदीकियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।
घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया है। फील्ड यूनिट ने मौके से खून के नमूने और फिंगरप्रिंट जुटाए हैं। मकान के अंदर कमरों में भी खून के निशान मिले हैं, जो घटना को संदिग्ध बना रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। सर्विलांस और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। - अंतरिक्ष कुमार जैन, एसपी देहात, बुलंदशहर