फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   House tax will not increase now, user charge will be taken from commercial establishments for garbage collection

Bulandshahar News: अभी नहीं बढ़ेगा गृह कर, कूड़ा उठाने के लिए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से लिया जाएगा यूजर चार्ज

Ghaziabad Bureau गाजियाबाद ब्यूरो
Updated Sat, 20 Jul 2024 11:21 PM IST
विज्ञापन
बुलंदशहर। शहर के लोगों पर चार गुना गृह कर बढ़ाने के प्रस्ताव पर सभासदों ने नाराजगी जता चर्चा के बाद प्रस्ताव अगली बैठक में लाने को सहमति दी। साथ ही घर-घर से कूड़ा उठान के लिए यूजर चार्ज वसूलने के प्रस्ताव पर भी नाराजगी जताई। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर यूजर चार्ज लगाने के लिए सभासदों ने सहमति दी। करीब साढ़े पांच घंटे चली बोर्ड बैठक में कुल 23 करोड़ रुपये के 95 प्रस्तावों में से करीब 22 करोड़ रुपये के 89 प्रस्तावों को पास किया गया। दो प्रस्तावों को अगली बैठक में रखने और चार प्रस्तावों को निरस्त करने पर सहमति बनी।
विज्ञापन


शनिवार को नगर पालिका सभागार में अध्यक्ष दीप्ति मित्तल की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। दोपहर करीब 1ः40 बजे शुरू हुई बोर्ड बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम के साथ किया गया। इसके बाद इंटरनेट के 86 हजार रुपये बिल के भुगतान पर सभासद त्रिभुवन ने पूछा कि जब समय पर बिल जमा किया जाता है तो यह इतना बिल कैसे हुआ। जिसके बाद नगर पालिका कर्मचारी की ओर से बिल पेश करने में करीब 15 मिनट का समय लगा दिया। शहर के 10 वार्डों में निजी कंपनी से सफाई कराने के प्रस्ताव को फिर आगे बढ़ाने पर सभासदों ने नाराजगी जताई। सभासद देवपाल ने कहा कि निजी कंपनी की ओर से कर्मचारियों के ईएसआई और पीएफ की धनराशि उनके खाते में नहीं दी जा रही है। सभासद सुखदेव शर्मा ने कहा कि पिछले पांच साल से कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार बढ़ा हुआ वेतन क्यों नहीं दिया जा रहा है। जवाब में नगर पालिका ईओ डॉ.अश्विनी कुमार सिंह ने कहा कि 2018 में किए गए अनुबंध में कर्मचारी रखने के बजाए सफाई के लिए ठेका दिए जाने का अनुबंध किया गया था लेकिन, नए टेंडर में इसे शामिल करते हुए कर्मचारी हित को ध्यान में रखा जाएगा। इसके बाद कूड़ा निस्तारण प्लांट पर पोकलेन मशीन चलाकर कूड़ा एकत्रित करने के प्रस्ताव पर सभासद योगेश गुप्ता, सुखदेव शर्मा ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बिना टेंडर किए 6.45 लाख रुपये का काम कैसे कराया जा सकता है। सभासदों की आपत्ति के बाद तय किया गया कि उक्त कार्य के लिए टेंडर जारी करते हुए भुगतान कराया जाए। इसके बाद दो हजार कुत्तों के बधियाकरण के प्रस्ताव पर सभासद अजय ने आपत्ति जता कहा कि कार्यदायी संस्था की ओर से पूर्व में बधियाकरण के बाद कुत्तों के स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रखा। जिस कारण बड़ी संख्या में कुत्तों की मौत हो गई। सभासदों की आपत्ति के बाद दो के बजाए एक हजार कुत्तों के बधियाकरण कराने के लिए सहमति बनी। बंदर पकड़ने के प्रस्ताव पर टेंडर करने के लिए सहमति दी गई। इसके बाद शहर के शौचालय, यूरिनल की सफाई के लिए 30 कर्मचारियों के रखने के प्रस्ताव पर सभासद अजय कुमार, योगेश गुप्ता, सुनील शर्मा, तेजेंद्र ने आपत्ति जताई और शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताते हुए प्रस्ताव को निरस्त कर दिया।
विज्ञापन




- यूजर चार्ज वसूली के प्रस्ताव पर हुआ हंगामा-

घर-घर से कूड़ा उठान के लिए प्रति घर 30 रुपये प्रतिमाह की वसूली के प्रस्ताव पर सभासदों ने हंगामा किया और इसे जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया। इस दौरान सभासद कमलकांत शर्मा, सुनील शर्मा, सुखदेव समेत अन्य ने कहा कि यह कर जनता पर अतिरिक्त बोझ होगा। ऐसे में आवश्यक है कि शहर में संचालित हॉस्पिटल, निजी स्कूल, बड़े शोरूम, होटल, हलवाई की दुकान समेत अन्य बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से वसूली की जाए। इसके बाद एलईडी लाइटों की मरम्मत के लिए टेंडर जारी करने के बजाए पत्ते व ड्राइवर खरीदते हुए अपने ही कर्मचारियों से मरम्मत कराने की सहमति दी गई। जबकि मशीनों के खराब होने वाले पार्ट्स के लिए विशेषज्ञ अतिरिक्त अभियंता के माध्यम से सत्यापन कराने की सहमति बनी।
विज्ञापन
विज्ञापन




-चर्चा के बाद अगली बैठक में आएगा गृह कर बढ़ाने का प्रस्ताव

शहर के 51 हजार से अधिक मकान मालिकों से वसूले जाने वाले गृह कर के प्रस्ताव पर सभासदों ने नाराजगी जताई। सभासदों ने आरोप लगाया कि अधिकारी बिना सभासदों से चर्चा किए ही प्रस्ताव तैयार करते हैं। इस दौरान सभासद देवपाल ने गृहकर बढ़ाने के बजाए कम करने, शरद साई व लक्ष्मण लोधी ने कर न बढ़ाने, त्रिभुवन ने पांच से 10 पैसे बढ़ाने, अजय कुमार ने पहले करदाताओं की श्रेणी तय करने, योगेश गुप्ता ने अधूरा प्रस्ताव रखने की मंशा पर सवाल उठाए। सभासदों के विरोध के बीच तय किया गया कि इस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए पहले सभासदों के साथ औपचारिक बैठक की जाए और फिर इसे अगली बैठक में रखा जाए। इसके अलावा संपत्ति नामांकन शुल्क के रूप में रजिस्ट्री, बैनामा, दान के लिए 250 से बढ़ाकर 500 और वसीयत, पारिवारिक समझौते के लिए 100 से बढ़ाकर 200 रुपये करने पर सहमति दी गई।



-चार प्रस्तावों को किया गया निरस्त-

बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के तहत 19.59 लाख की लागत से 200 हाथ कूड़ा गाड़ी खरीदने के प्रस्ताव पर सभासदों ने आपत्ति जताई। जिसके चलते छह माह के लिए इस प्रस्ताव को निरस्त कर दिया गया। इसके अलावा मोतीबाग क्षेत्र स्थित नगर पालिका की संपत्ति की चारदीवारी करने, 46.53 लाख की लागत से शौचालयों की सफाई के लिए कर्मचारी रखने, इंटीग्रेटेड पंपिंग स्टेशन के लिए 22 लाख की लागत से चार मोटर खरीदने, करीब तीन लाख की लागत से इंटीग्रेटेड पंपिंग स्टेशन की समर सेबिल, मोटर, पंप सेट की मरम्मत के प्रस्ताव को सभासदों ने निरस्त करा दिया।



-इन प्रस्तावों को किया गया पास-

- 31.30 लाख की लागत से 100 रिक्शा खरीदने

- कूड़ा निस्तारण प्लांट पर पड़े कूड़े का मूल्यांकन कराने और लीगेसी वेस्ट को नष्ट कराने

- एमआरएफ सेंटर का निजी संस्था, एनजी से संचालन कराने

- तीन करोड़ रुपये से विभिन्न सड़क, नाली निर्माण कराने

- 40 लाख से सड़कों के गड्ढे भरने

- स्याना अड्डा और भूड़ चौराहा क्षेत्र में हाइट गेज बैरियर को स्थाई तौर पर लगाने

- बड़े नालों की सफाई के लिए पोकलेन और छोटे नालों की सफाई के लिए एक्सावेटर और कूड़ा उठान के लिए जेसीबी खरीदना ---------------------------------------



नगर पालिका पहली बार लगाएगी कांवड़ शिविर

शिकारपुर। नगर पालिका की ओर से पहली बार कांवड़ सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष राजबाला सैनी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभासदों ने कुल 17 प्रस्तावों पर चर्चा की। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए वंदन योजना के अंतर्गत प्रस्ताव शासन को भेजा जाना, उपवन योजना के अंतर्गत भूमि उपलब्ध होने के पश्चात प्रस्ताव शासन को भेजना, अवर अभियंता द्वारा प्रेषित मानचित्र संशोधित कराया जाना, नगर में विभिन्न स्थानों पर नाली, सड़क, जाल, पुलिया, इंटरलॉकिंग की मरम्मत कराने के लिए सहमति दी गई। जबकि नगर स्थित शिया बक्फ बोर्ड व सुन्नी बक्फ बोर्ड की भूमि के अभिलेख शासन द्वारा मांगने के प्रस्ताव पर सभासद वसी हैदर, अरशद अंसारी, शाहिद व अनवार ने आपत्ति दर्ज कराई और प्रस्ताव शासन को न भेजने की मांग की। हालांकि प्रस्ताव को बहुमत से पास कर दिया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह, प्रभात शर्मा, धीरज शर्मा, मौ.कासिम मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed