{"_id":"64482c79a2c837504d0564e6","slug":"dues-notice-of-rs-2461-lakh-to-the-laborer-from-gst-bulandshahr-news-c-30-1-89306-2023-04-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bulandshahar News: जीएसटी से आया मजदूर को 24.61 लाख रुपये बकाया का नोटिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bulandshahar News: जीएसटी से आया मजदूर को 24.61 लाख रुपये बकाया का नोटिस
विज्ञापन
बुलंदशहर। मेहनत मजदूरी करने वाले एक युवक को जीएसटी की ओर से 24.61 लाख रुपये का नोटिस भेज दिया गया है। जबकि, पीड़ित ने न तो कोई फर्म बनाई है न ही कोई व्यवसाय कर रहा है। पीड़ित का आरोप है कि नौकरी लगवाने वाले एक ठेकेदार ने उसके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है। नरौरा थाना क्षेत्र के गांव उदयगढ़ी बांगर निवासी देवेंद्र कुमार ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसने करीब दो वर्ष पूर्व नोएडा की एक कंपनी में हेल्पर पैकिंग की नौकरी की थी। कंपनी के मालिक ने वेतन के सिलसिले में उससे उसका आधार कार्ड और पैन कार्ड ले लिया। आरोप है कि अब उसके निवास स्थान पर रजिस्टर्ड डाक से एक नोटिस उपायुक्त राज्य कर अधिकारी गाजियाबाद से मिला है। इसमें कंपनी का टर्न ओवर 136.60 लाख दिखाया और जीएसटी देय 24.61 लाख बताया। जानकारी लेने पर पता चला कि कंपनी को गाजियाबाद का कोई व्यक्ति संचालित कर रहा है। जबकि, उस कंपनी से उसका कोई लेना देना नहीं है। न तो उसकी कोई कंपनी है और न ही उसने जीएसटी नंबर लिया है। देवेन्द्र कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत नरौरा थाने में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
-
विज्ञापन
-