तीन की मौत, 34 घायल: यूपी रोडवेज बस और 16 चक्का ट्राला की आमने-सामने भिड़ंत, बस चालक समेत मां-बेटी की गई जान
बुलंदशहर-शिकारपुर मार्ग पर चिट्टा गांव के पास रोडवेज बस और 16 चक्का ट्राला की आमने-सामने भिड़ंत में चालक ओमवीर सिंह और मां-बेटी अनीता व गायत्री की मौत हो गई। हादसे में 34 यात्री घायल हुए, जिनमें 12 को जिला अस्पताल रेफर किया गया। चार घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई गई है। करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल हुआ।
विस्तार
यूपी के सलेमपुर थाना क्षेत्र में बुलंदशहर-शिकारपुर मार्ग पर चिट्टा गांव स्थित जेपी अस्पताल के सामने रविवार देर रात करीब नौ बजे कौशांबी डिपो आनंद विहार की रोडवेज बस और शिकारपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार 16 चक्का ट्राला (ट्रक) के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में रोडवेज बस के चालक, एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची और उसकी मां की मौत हो गई, जबकि बस में सवार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
12 यात्रियों की हालत नाजुक
हादसे के तुरंत बाद तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही सलेमपुर थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए सड़क के ठीक सामने स्थित जेपी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने 12 यात्रियों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बुलंदशहर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, तीन की गई जान
इस हृदयविदारक हादसे में रोडवेज बस चालक ओमवीर सिंह निवासी गांव जगदीशपुर, थाना अहमदगढ़, बुलंदशहर, पांच वर्षीय गायत्री निवासी गांव आतर, थाना जैनिथि, जनपद बदायूं और उसकी मां अनीता की मौत हो गई। बदायूं निवासी अनीता अपनी पांच वर्षीय बेटी गायत्री और आठ वर्षीय बेटे यशपाल के साथ रोडवेज बस में सफर कर रही थीं। हादसे में मां और बेटी दोनों की जान चली गई, जबकि आठ वर्षीय यशपाल गंभीर रूप से घायल है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत की खबर से बदायूं स्थित उनके पैतृक गांव में कोहराम मच गया है। वहीं, चालक ओमवीर सिंह की मौत की सूचना मिलते ही जगदीशपुर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
अधिकारियों ने लिया जायजा, चार की स्थिति बेहद नाजुक
हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर और अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने चिकित्सकों से बात कर घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हादसे में चालक व मां-बेटी समेत तीन लोगों की दुखद मृत्यु हुई है और 34 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल 12 लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है, जिनमें से चार लोगों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा भीषण जाम, एक घंटे बाद बहाल हुआ यातायात
रोडवेज बस और डंपर की आमने-सामने की टक्कर के बाद बुलंदशहर-शिकारपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बीच सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति बन गई। रात के समय जाम में फंसे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहत एवं बचाव कार्य पूरा करने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और डंपर को सड़क से हटवाया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे बाद हाईवे से जाम खुलवाया जा सका, जिसके बाद यातायात सामान्य रूप से सुचारू हो पाया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
