{"_id":"6ad5c67b7a247b026907340e","slug":"accused-in-honey-murder-case-arrested-in-police-encounter-2026-10-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुलंदशहर: हनी हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार; बदमाश के पैर में लगी गोली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बुलंदशहर: हनी हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार; बदमाश के पैर में लगी गोली
Mon, 19 Oct 2026 12:58 PM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Mon, 19 Oct 2026 12:58 PM IST
सार
16/17 अक्तूबर की रात आरोपियों ने हनी सिंह को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में कोतवाली नगर थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हनी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी कोतवाली नगर पुलिस की रविवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवीपुरा मोहल्ले की वाल्मीकि बस्ती निवासी कुश उर्फ युग के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, 16/17 अक्तूबर की रात आरोपियों ने हनी सिंह को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में कोतवाली नगर थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
विज्ञापन
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, 18/19 अक्तूबर की रात कोतवाली नगर पुलिस बदनौरा कट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे बाइक मोड़कर ईडन गार्डन की तरफ भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
विज्ञापन
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे में भाग निकला। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कॉम्बिंग कर रही है।
हत्या के मुकदमे में ही दर्ज है गिरफ्तार आरोपी का नाम
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी कुश उर्फ युग के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम हनी सिंह की हत्या के मामले में दर्ज मुकदमे में शामिल है। उसकी गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश करेगी।