फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   yogi aadityanath,badaun 145 vidhan sabha 2022, bisauli 142 vidhan sabha 2022, sahaswan 143 vidhan sabha 2022, bilsi 144 vidhan sabha 2022, shekhupur 146 vidhan sabha 2022, dataganj 147 vidhan sabha 2022

सीएम योगी ने कहा- टीके का दुष्प्रचार करने वालों को वोट मांगने का अधिकार नहीं

Sat, 12 Feb 2022 01:27 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Sat, 12 Feb 2022 01:27 AM IST
विज्ञापन
yogi aadityanath,badaun 145 vidhan sabha 2022, bisauli 142 vidhan sabha 2022, sahaswan 143 vidhan sabha 2022, bilsi 144 vidhan sabha 2022, shekhupur 146 vidhan sabha 2022, dataganj 147 vidhan sabha 2022
दातागंज (बदायूं) की जनसभा में लोगों का अभिभादन करते योगी आदित्यनाथ। संवाद - फोटो : BADAUN
अमित सक्सेना
विज्ञापन

बदायूं। चुनाव का दिन करीब आते-आते नेताओं के बयानों की धार बढ़ती जा रही है। चुनावी माहौल में दूसरी बार जिले में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी आक्रामक शैली में भाषण दिया। विकास की बात तो की पर विपक्षियों पर वार करते समय तेवर में नजर आए। बोले-टीके का दुष्प्रचार करने वालों को वोट मांगने का अधिकार नहीं है।
मां गंगा से भाषण शुरू करने के बाद उसे कब्रिस्तान की बाउंड्री पर ही खत्म किया। वजीरगंज में कुल जमा 21 मिनट के संबोधन में ज्यादातर सपा पर हमलावर रहे। अपने अंदाज में ध्रुवीकरण की पूरी कोशिश की। कांग्रेस और बसपा पर भी कटाक्ष किया।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले त्योहार नहीं मनाने दिए जाते थे। होली-दिवाली पर दंगे होते थे। कांवड़ यात्रा को रोका जाता था। अब हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कांवड़ यात्रा निकलती है। पिछली सरकार में शोहदे बहन-बेटियों को परेशान करते थे। जनता से ही पूछा कि पांच साल पहले क्या स्थिति थी? अब माफिया दूसरे लोक की यात्रा पर जा चुके हैं तो शोहदे और गुंडे भाजपा सरकार में गले में पट्टी बांधे थानों में हाजिर होने को घूमते नजर आते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

योगी सपा पर बुरी तरह हमलावर रहे। कहा कि सरकार बनने के बाद हमने सपा वालों को अपने विकास गिनाकर पूछा कि आपने क्या काम किया। तब सपा के मुखिया ने कहा कि हमने भी विकास कराया। बता रहे थे कि हमने कब्रिस्तान की बाउंड्री बनवाईं तो हमने कहा कि वोट भी वहीं से ले लेना। योगी ने कब्रिस्तान के साथ ही गंगा मैया व मंदिर की बात कर ध्रुवीकरण की कोशिश से भी गुरेज नहीं किया। त्योहार, कांवड़ यात्रा और कर्फ्यू की बात करते हुए भी सपा पर हमला बोला।
तीखे बयानों के साथ योगी ने दूसरे मुद्दों पर भी बात की। कहा कि कोरोना काल में भाजपा के लोग ही दिखे। आम जनता की मदद करने को हमारे मंत्री और पदाधिकारी ही घरों से निकले।
राहुल और प्रियंका पर भी हमला किया। बोले- कोरोना काल में दिल्ली वाले भाई-बहन नहीं दिखे। विपक्ष ने टीके को मोदी का बताकर दुष्प्रचार किया। मोदी के उसी टीके ने लोगों की जान बचाई। टीके का दुष्प्रचार करने वालों को वोट मांगने का अधिकार नहीं है। वे वोट लेने आएं तो बता देना। कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में डबल राशन मिल रहा है। सपा और बसपा सरकार में राशन ही नहीं मिलता था। बहन जी के हाथी का पेट ही इतना बड़ा है कि सारा राशन वही खा जाता था। भाजपा एक करोड़ युवकों को स्मार्ट फोन दे रही है और सपा इसका विरोध कर रही। हमने भी कह दिया है अगली बार दो करोड़ युवाओं को स्मार्ट फोन देंगे। गन्ना किसानों को साधा और किसानों को हुए भुगतान के आंकड़े गिनाए। किसान सम्मान निधि और कर्ज माफी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके लोगों को मिलता था, अब बिना भेदभाव सबको लाभ मिल रहा है। हमारी सरकार के एक हाथ में विकास की छड़ी और दूसरे में बुलडोजर का लीवर रहता है। भाजपा सरकार उप्र को नंबर वन प्रदेश बनाने का काम कर रही है।
------
वजीरगंज : सभा में 21 मिनट बोले योगी, माफिया के साथ गरीब, युवा और किसानों की भी बात
बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तय समय से करीब 30 मिनट देरी से बदायूं पहुंचे। यहां 21 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया। विकास के साथ गरीब, किसानों की भी बात की, गंगा एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए बदायूं में इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर से लाखों रोजगार पैदा करने की बात करते हुए युवाओं को साधा। दिव्यांग, वृद्धा, विधवाओं की पेंशन और गन्ना किसानों को भुगतान का जिक्र किया। मुख्यमंत्री को 12:35 बजे वजीरगंज पहुंचना था। इसके बाद यहां से 1:20 बजे कासगंज रवाना होना था। वह एक बजे पहुंचे। 01:15 से 01:36 बजे तक करीब 21 मिनट जनसभा को संबोधित किया।
-
ऐन मौके पर बदला मुख्यमंत्री का सभा स्थल
वजीरगंज। मुख्यमंत्री योगी का जनसभा स्थल ऐन मौके पर बदलना पड़ा। दरअसल, भाजपा नेताओं ने बृहस्पतिवार रात प्रस्तावित जनसभा स्थल को जोतवाकर पानी निकास कराने का प्रयास किया। इससे यहां दल-दल जैसे हालात बन गए। रात में ही सभा स्थल बदल दिया गया। मुख्यमंत्री की सभा बिल्सी रोड पर प्रस्तावित थी। यहां मंच बनाने समेत कई काम पूरे कर लिए गए थे। बुधवार को हुई बारिश के कारण यहां जलभराव था। पंपिंग सेट से पानी निकाला गया लेकिन इसके बाद भी हालात खराब बने रहे। इसके बाद खेत को जोतकर हालात ठीक करने की कोशिश हुई लेकिन इससे स्थिति और खराब हो गई। ऐसे में सभा स्थल बदल कर रामलीला मैदान कर दिया गया। संवाद
-
महेश गुप्ता की टाइट मूंछों पर भी बोल गए योगी
वजीरगंज में सीएम योगी ने सभा में संबोधन का प्रारंभ नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता की मूंछ से किया। जनता को संबोधित कर योगी ने कहा कि मैंने पांच साल पहले आपसे कहा था कि विधायक की मूंछों को हम इतना टाइट करा देंगे कि इलाके के गुंडे माफिया अपनी जान की शामत लेकर गले में पट्टी बांधकर घूमते दिखाई देंगे। पांच साल में हमने वह कर दिखाया है।
-----
दातागंज में देरी से पहुंचे योगी, 15 मिनट बोले
दातागंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वजीरगंज में जनसभा को संबोधित करने के बाद यहां से कासगंज रवाना हो गए। इसके बाद शाम 5:07 पर दातागंज पहुंचे। यहां ढिलवारी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज में भाजपा प्रत्याशी राजीव कुमार सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।
करीब 15 मिनट के संबोधन में मुख्यमंत्री सपा, बसपा और कांग्रेस पर हमलावर रहे। कहा कि पहले विकास का पैसा इत्र वाले मित्र के पास जाता था। अब विकास में लग रहा है। पूरे संबोधन में सपा पर ज्यादा हमले किए।
-
बरेली रोड पर वाहन रोकने से परेशानी
ढिलवारी के जिस कॉलेज में सीएम योगी का कार्यक्रम हुआ वह दातागंज-बरेली रोड पर स्थित है। सीएम के कार्यक्रम की वजह से वहां करीब दस मिनट पहले यातायात रोक दिया गया। इससे वाहनों में बैठे लोगों को परेशानी हुई। जाम जैसी स्थिति भी बनी। बाद में पुलिस ने इन्हें कतारबद्ध तरीके से निकलवाया।
-
वजीरगंज में मंच पर रहे यह लोग
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता समेत नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता, बिसौली से प्रत्याशी कुशाग्र सागर, बिल्सी प्रत्याशी हरीश शाक्य, सहसवान प्रत्याशी डीके भारद्वाज, वागीश पाठक, जितेंद्र यादव, वजीरगंज ब्लॉक प्रमुख गुड्डो देवी, डीपी भारती, उमेश राठौर, हरप्रसाद सिंह पटेल, सुधीर श्रीवास्तव, एमपी सिंह, डॉ. लाखन सिंह, बिट्टन पहलवान, दुर्गेश वार्ष्णेय, नंदकिशोर वार्ष्णेय, विश्वजीत गुप्ता, शैलेंद्र मोहन शर्मा, आशीष शाक्य।

-
दातागंज में मंच पर रहे यह लोग
दातागंज में मंच पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सांसद आंवला धर्मेंद्र कश्यप, दातागंज प्रत्याशी राजीव कुमार सिंह, भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश यादव, पूर्व जिपं अध्यक्ष पूनम यादव, डॉ. शैलेश पाठक, अशोक भारतीय, हीरालाल कश्यप, बुधपाल सिंह, धीरज सक्सेना, आकाश वर्मा, सैनरा वैश्य, धीरेंद्र गुप्ता, अग्रवीर गुर्जर, हरीश मैथिल, हेमचंद्र गौतम, मुनेंद्र राठौर। संचालन विनोद अग्रवाल ने किया। संवाद

वजीरगंज (बदायूं) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। संवाद

वजीरगंज (बदायूं) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। संवाद- फोटो : BADAUN

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed