UP Nagar Nikay Chunav: बदायूं नगर पालिका परिषद अब महिला के लिए आरक्षित, जानिए अन्य सीटों का हाल
गुरुवार को जारी आरक्षण तीन माह पहले जारी हुए आरक्षण से बिल्कुल विपरीत है। बदायूं में दो-चार ही नगर पालिका या नगर पंचायत बची हैं, जिनमें आरक्षण नहीं बदला है, नहीं तो अधिकतर नगर पालिका और पंचायतों में फेरबदल कर दिया गया है।
विस्तार
शासन ने नगर निकाय चुनाव के आरक्षण सूची जारी कर दी है। गुरुवार शाम को जारी हुई सूची के आधार पर बदायूं में वर्ष 2017 के चुनाव के मुकाबले बिल्सी नगर पालिका और छह नगर पंचायतों का आरक्षण बदला है। बाकी नगर पालिका और नगर पंचायतों के आरक्षण में कोई बदलाव नहीं हुआ है। नया आरक्षण लागू होने से सियासी गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है।
निकाय चुनाव अप्रैल अंत या मई की शुरुआत में होने का अनुमान है। पिछले चार माह से निकाय चुनाव को लेकर काफी हलचल थी। सभी राजनीतिक पार्टियां इसकी तैयारियों में लगी हैं। गुरुवार को आरक्षण जारी होने के बाद जिले में हलचल और तेज हो गई है। पांच दिसंबर 2022 को जारी आरक्षण में बदायूं सीट अनारक्षित रखी गई थी, लेकिन अब महिला के लिए आरक्षित हो गई है।
कई दावेदार हुए मायूस
आरक्षण लागू होने से तमाम दावेदारों की उम्मीदों पर पानी फिरा है तो कुछ इसे अपने लिए मुफीद मान रहे हैं। इस बार केवल बिल्सी नगर पालिका के आरक्षण में बदलाव हुआ है। यहां वर्ष 2017 में चेयरमैन पद अनारक्षित था लेकिन इस बार इसे अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है।
नगर पंचायतों में रुदायन की सीट अनारक्षित थी। इसे बदलकर अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित कर दिया गया है। कुंवरगांव नगर पंचायत चेयरमैन पद अनारक्षित से अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है। नगर पंचायत मुड़िया पिछले चुनाव में पिछड़ा वर्ग सीट थी लेकिन इस बार अनारक्षित कर दी गई है।
सखानू महिला सीट से अनारक्षित, इस्लामनगर अनारक्षित से महिला सीट और उसहैत महिला सीट से अनारक्षित कर दी गई है। जबकि नगर पालिका बदायूं, बिसौली, उझानी, दातागंज, सहसवान, ककराला, नगर पंचायत कछला, उसावां, फैजगंज बेहटा, वजीरगंज, गुलड़िया, अलापुर और सैदपुर नगर में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नगर पालिका परिषद आरक्षण की स्थिति
1. बदायूं - महिला2. उझानी - अनारक्षित
3. बिल्सी - अनुसूचित जाति महिला
4. बिसौली - अनारक्षित
5. सहसवान - अनारक्षित
6. ककराला - अनारक्षित
7. दातागंज अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पंचायत
1. इस्लामनगर - महिला2. सैदपुर - अनारक्षित
3. अलापुर - महिला
4. उसहैत - अनारक्षित
5. वजीरगंज - महिला
6. कछला - पिछड़ा वर्ग
7. मुड़िया धुरेकी - अनारक्षित
8. सखानूं - अनारक्षित
9. कुंवरगांव - अनुसूचित जाति
10. उसावां अनारक्षित
11. रुदायन अनुसूचित जाति महिला
12. फैजगंज बेहटा अनारक्षित
13. गुलड़िया पिछड़ा वर्ग महिला
14. दहगवां पिछड़ा वर्ग