Budaun News: वंचित किसानों को मिलेगा सम्मान निधि योजना का लाभ, चार मार्च तक लगाए जाएंगे शिविर
बदायूं में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से कई पात्र किसान वंचित चल रहे हैं। बजट में इसका जिक्र आने के बाद प्रशासन के निर्देश पर गांवों में टीम पहुंचकर ऐसे किसानों को एक और मौका दे रही है।
विस्तार
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का बदायूं जिले के किसानों को काफी लाभ मिल रहा है, लेकिन अब भी तमाम पात्र किसान योजना से वंचित चल रहे हैं। बजट में इसका जिक्र आने के बाद प्रशासन के निर्देश पर गांवों में टीम पहुंचकर ऐसे किसानों को एक और मौका दे रही है। टीम मौके पर ही पात्र किसानों की समस्या का निस्तारण करेगी।
जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से काफी किसान जुड़े हुए हैं, जिनको शासन की योजना का लाभ दिया जा रहा है। पिछले दिनों शासन ने 15वीं किस्त जारी की थी। इसमें जिले के पौने दो लाख किसानों को लाभ दिया गया। इसके बावजूद जिले में अब भी तमाम किसान योजना से वंचित चल रहे हैं।
महिला जज का शव फंदे से लटका मिला: बदायूं में सरकारी आवास में रहती थीं ज्योत्सना राय, मौके से मिला सुसाइड नोट
किसानों का दावा है कि पात्र होने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा। इसको ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर गांव में शिविर लगाना शुरू करा दिया गया है, जो चार मार्च तक सभी ग्राम पंचायतों में प्रधानों के सहयोग से लगाए जाएंगे। इसमें कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) प्रतिनिधि, पोस्ट ऑफिस प्रतिनिधि, लेखपाल तथा कृषि विभाग से किसान सहायक मौजूद रहेंगे।
वे पात्र किसानों से आवेदन लेकर प्रक्रिया को पूरा करेंगे। उनके आवेदन में जो समस्या आ रही है, उनका मौके पर निदान किया जाएगा। ऐसे में किसानों को कहीं पर भाग दौड़ नहीं करनी पड़ेगा।
फरवरी 2019 के बाद वाले किसानों को नहीं मिलेगा लाभ
अगर किसी व्यक्ति ने फरवरी 2019 के बाद जमीन खरीदी है और वह योजना के लिए आवेदन कर रहा है, तो संबंधित व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा, क्योंकि शासन की योजना है कि फरवरी-2019 के बाद में किसी नए किसानों को योजना का लाभ नहीं दिया जाए। हालांकि वारिसान वाले किसानों को इस योजना से जोड़ा जाएगा।
बदायूं के कृषि उपनिदेशक मनोज कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का अधिक से अधिक किसानों को लाभ दिया जा सके, इसके लिए गांवों में शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें पात्र वंचित किसानों को योजना से जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा।