बदायूं। सपा की वरिष्ठ नेता व मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। इसको लेकर सपा महिला सभा ने तीखी प्रतिक्रिया की है। सभा की प्रदेश महासचिव इंदू सक्सेना ने मंगलवार को कार्यालय में एसएसपी को पत्र सौंपा है। उन्होंने मौलाना के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
प्रदेश महासचिव इंदू सक्सेना ने कहा कि डिंपल यादव न सिर्फ एक सांसद हैं, बल्कि महिलाओं की आवाज हैं। ऐसे में उनके विरुद्ध सार्वजनिक मंच से की गई अमर्यादित व अभद्र टिप्पणी न केवल एक जनप्रतिनिधि का अपमान है, बल्कि समस्त महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। यह टिप्पणी समाज में महिलाओं के प्रति दुर्भावना और असहिष्णुता फैलाने की मानसिकता को दर्शाती है। जो भारतीय संविधान, विधि व्यवस्था और महिला सम्मान के मूल्यों के विरुद्ध है। महिला सभा ने मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ प्राथमिक दर्ज कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। कहा कि ऐसी मानसिकता पर कड़ा संदेश देने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि महिला गरिमा की रक्षा करते हुए तत्काल उचित कार्रवाई की जाए।