बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव सतेती पट्टी सुकाल में प्रस्तावित श्मशान भूमि निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। इसको लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने श्मशान भूमि का निर्माण वर्तमान प्रस्तावित स्थल गाटा संख्या 46 की बजाय गाटा संख्या 55 पर कराए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा है कि गाटा संख्या 46 पर प्रस्तावित श्मशान भूमि, बाबा भगवानदास जी की समाधि और प्राचीन मंदिर के अत्यंत निकट स्थित है, जो ग्रामवासियों की गहरी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र है। इस स्थल पर श्मशान का निर्माण न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाएगा, बल्कि भविष्य में सामाजिक तनाव को भी जन्म दे सकता है। गाटा संख्या 46 न तो पारंपरिक श्मशान स्थल रहा है, न ही वहां आज तक कोई दाह संस्कार हुआ है। इस मौके पर संदीप सिंह, राहुल सिंह, गौरव सिंह, संचित चौहान, नीतीश चौहान, यादराम जाटव, रामभजन जाटव, नरसिंह यादव, आदित्य सोलंकी, निर्भय सिंह, उदित, नीलम देवी, साक्षी, सलोनी यादव, रामविलास वर्मा, भूरे वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद