Budaun News: राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा- केंद्रीय बजट से किसान, महिला और युवाओं का भविष्य होगा सुरक्षित
बदायूं जनपद की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसान, महिला और युवा तीनों के भविष्य को सुरक्षित करने की ठोस व्यवस्था की गई है। सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ हर वर्ग तक अवसर पहुंचाने पर विशेष फोकस किया गया है।
विस्तार
बदायूं में भाजपा कार्यालय पर बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि केंद्रीय बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी, संतुलित और सुधारोन्मुख है। यह बजट घोषणाओं से आगे बढ़कर ठोस निर्णयों, स्पष्ट कार्ययोजना और जनकल्याण को केंद्र में रखता है। उन्होंने कहा कि बजट में किसान, महिला और युवा तीनों के भविष्य को सुरक्षित करने की ठोस व्यवस्था की गई है। बजट में देश की उत्पादकता और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने, आम नागरिक को विकास का भागीदार बनाने तथा सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ हर वर्ग तक अवसर पहुंचाने पर विशेष फोकस किया गया है।
गुलाब देवी ने बताया कि राजकोषीय अनुशासन बनाए रखते हुए विकास को गति दी गई है। वित्त वर्ष 2026-27 में राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद का 4.3 प्रतिशत रखा गया है। 12.2 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय से सड़क, रेल, परिवहन, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी ढांचे का विस्तार होगा, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्राथमिकता
राज्यमंत्री ने कहा कि बजट में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को विशेष महत्व दिया गया है। भारत-विस्तार कृत्रिम बुद्धिमत्ता मंच के माध्यम से किसानों को फसल, मौसम और बाजार से जुड़ी सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे खेती की लागत घटेगी और उत्पादकता बढ़ेगी। फसल विविधीकरण, मत्स्य पालन, ग्रामीण उद्यमिता और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से सस्ती ऋण सुविधा किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगी।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि महिलाओं को बजट में केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की धुरी माना गया है। स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता से जोड़ने, प्रत्येक जनपद में बालिका छात्रावास की व्यवस्था तथा शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े प्रावधान महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएंगे।
युवा, शिक्षा और कौशल विकास
युवाओं के लिए देशभर के 15 हजार विद्यालयों और 500 महाविद्यालयों में एनीमेशन, गेमिंग और वीएफएक्स जैसी आधुनिक तकनीक आधारित प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे युवा भविष्य की तकनीकी नौकरियों के लिए तैयार होंगे और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
उद्योग, एमएसएमई और रोजगार
गुलाब देवी ने बताया कि 10 हजार करोड़ रुपये का एमएसएमई विकास कोष स्थापित किया गया है, जिससे कुटीर उद्योग, हस्तशिल्प, हथकरघा, चमड़ा और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। 200 पुराने औद्योगिक क्लस्टरों के आधुनिकीकरण से परंपरागत उद्योगों को नई तकनीक और वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा।
स्वास्थ्य, पर्यटन और उत्तर प्रदेश को लाभ
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में 36 जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट से इलाज सस्ता होगा। धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार टूर गाइड को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट उत्तर प्रदेश के लिए विशेष रूप से लाभकारी है। हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, राष्ट्रीय राजमार्ग, लॉजिस्टिक हब और गंगा जलमार्ग परियोजनाओं से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और पूर्वांचल व बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों का समग्र विकास होगा।