Budaun: दो बाइकों की टक्कर में बड़े भाई की मौत, छोटे की हालत गंभीर; दो अन्य हादसों में छह लोग घायल
बदायूं में शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह तक अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। जबकि सात लोग घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में उझानी-बिल्सी रोड पर रोहन गांव के पास शुक्रवार शाम दो बाइक आमने-सामने से टकरा गईं, जिसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका छोटा भाई घायल हो गया। दूसरी बाइक पर सवार युवक मामूली रूप से चोटिल हुआ। वह हादसे के बाद वहां से चला गया।
उझानी निवासी रोहित कुमार (24) पुत्र छोटेलाल शुक्रवार शाम अपने भाई ऋतिक कुमार के साथ एक रिश्तेदार की अंत्येष्टि में शामिल होने बिल्सी गए थे। दोनों भाई देर शाम घर लौट रहे थे। तभी रोहान गांव के नजदीक सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक टकरा गई, जिसमें दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया था, जहां से रोहित कुमार को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया था, लेकिन रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
उझानी में बस से भिड़ा ट्रैक्टर
उझानी में रोडवेज बस और ट्रैक्टर की भिड़ंत में दोनों के चालक घायल हो गए। टक्कर लगने से ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। क्षतिग्रस्त बस में फंसे ड्राइवर को सीट काटकर बाहर निकाला गया। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया गया। हादसा शनिवार तड़के तीन बजे दिल्ली रोड पर गांव कुडा नरसिंहपुर के पास हुआ।
दिल्ली से बदायूं जा रही रोडवेज बस कुडा नरसिंह गांव के पास पहुंची, तभी ट्रैक्टर सामने आ गया। इससे बस चालक उसावां थाना क्षेत्र के गांव गूराबरेला निवासी राजकुमार (28) हड़बड़ा गए। बस ट्रैक्टर से टकराकर सड़क से उतरकर खेत में घुस गई। टक्कर लगने से ट्रैक्टर भी पलट गया। दोनों वाहनों के टकराने की आवाज से जागे कुडा नरसिंहपुर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए।
एक यात्री की सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने पहले बस में सीट और स्टेयरिंग के बीच फंसे चालक राजकुमार को बाहर निकाला। राजकुमार के साथ ही घायल ट्रैक्टर चालक नगर में नई बस्ती बालाजीपुरम निवासी नरेंद्र (40) को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। हादसे के बाद रोडवेज बस के यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर भेजा गया।
दो बाइकों की टक्कर में चार युवक घायल
कादरचौक रोड पर शनिवार सुबह दो बाइकें आपस में टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार चार युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बाजारकलां मोहल्ला निवासी रोहित (23) का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इलाज कराया गया। तीन घायलों को उनके परिजन निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर ले गए। बाइक सवारों में कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था।