बदायूं में युवक की हत्या: रात में दोस्त के साथ पी थी शराब, सुबह चारपाई पर मिला शव, जर्सी से कसा गया गला
Budaun News: बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र में युवक का शव उसके ही घर में चारपाई पर पड़ा मिला। उसके गले में दोस्त की जर्सी कसी हुई थी। वारदात के बाद दोस्त फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव बक्सेना में युवक को शराब पिलाने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी ने युवक के मुंह में जर्सी ठूंस दी। शव को चारपाई पर डालकर रजाई से ढक दिया। सोमवार को सुबह मां ने रजाई हटाकर देखा तो चीख पड़ी। सूचना पर एसएसपी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस की प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की जाने की बात सामने आई है।
गांव बक्सेना निवासी सहदेव (28) पुत्र राकेश पंडित की दोस्ती गांव के ही सुशील ठाकुर से थी। दोनों शराब पीने के आदी थे। सहदेव की पत्नी विवाद के कारण उससे अलग रह रही है। सहदेव के गांव में ही दो घर है। एक घर में परिवार रहता है, जबकि दूसरे घर में सहदेव अकेला रात में सोता था। रविवार की शाम सहदेव और सुशील ठाकुर ने दूसरे घर में काफी देर तक शराब पी और दोनों वहीं पर सो गए।
आरोपी ने जर्सी से कसा गला
बताया गया कि रात में दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद किसी वक्त सहदेव की गला दबाकर हत्या कर दी। सुशील ने अपनी जर्सी से उसका गला कसा और फिर उसके मुंह में ठूंस दी। हत्या करने के बाद शव को चारपाई पर डालकर ऊपर से रजाई डाल दी। जब सहदेव सोमवार को सुबह घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां वहां पहुंच गई। रजाई को हटाकर देखा तो उसकी चीख निकल गई।
शोर शराबा सुनकर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी सुशील ठाकुर फरार है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। आरोपी तो पुलिस के हत्थे नहीं लगा, लेकिन कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
एक साल पहले सहदेव के भाई की हुई थी हत्या
सहदेव के भाई कल्लू की हत्या भी एक साल पहले कर दी गई थी। एक साल पहले कल्लू हिमाचल प्रदेश में मेहनत मजदूरी करने के लिए गया था। वहां पर गांव के ही एक युवक से विवाद हो गया था। उसके बाद कल्लू की हत्या कर दी गई थी।
आरोपी का गांव की महिला से प्रेम प्रसंग
गांव के कुछ लोगों को पुलिस ने बताया कि आरोपी का एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसमें सहदेव अड़चन डाल रहा था। इसलिए इसकी हत्या कर दी गई। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। हालांकि दी गई तहरीर में बताया गया है कि युवक के पिता का कुछ दिन पहले हत्यारोपी से विवाद हो गया था। उसी दिन आरोपी ने सहदेव की हत्या करने की धमकी दी थी।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। कुछ लोगों ने हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की बात भी बताई है। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
खबर से संबंधित वीडियो