{"_id":"6af3023d91ba35fd07058806","slug":"man-died-after-his-car-collided-with-truck-on-the-ganga-expressway-2026-11-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"बदायूं: गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक युवक की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बदायूं: गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एक युवक की मौत
Tue, 10 Nov 2026 05:10 PM IST
Mukesh Kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Published by: Mukesh Kumar
Updated Tue, 10 Nov 2026 05:10 PM IST
सार
बिसौली क्षेत्र में सोमवार देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में कार सवार सोनू शर्मा की मौत हो गई। प्रयागराज से हापुड़ लौट रही कार को एक ट्रक ने ओवरटेक करते समय टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। कार में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोट आई।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात गंगा एक्सप्रेसवे पर शेखूपुरा के पास किलोमीटर संख्या 146 पर हुए हादसे में कार सवार सोनू की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब प्रयागराज से हापुड़ लौट रहे जीजा-साले सहित तीन लोगों की कार को ओवरटेक कर ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
विज्ञापन
कोतवाली पुलिस ने बताया कि हापुड़ के श्यामगंज निवासी सोनू शर्मा अपने साले रवि दुबे को लेने के लिए प्रयागराज गए थे। रवि दुबे मूलरूप से प्रतापगढ़ जिले के अंतू क्षेत्र के जगेशरगंज गांव के रहने वाले हैं। प्रयागराज में काम करते हैं। भैया दूज त्योहार पर सोनू उन्हें अपने साथ घर लाने के लिए गए थे। कार में सोनू का भांजा मनीष शर्मा भी मौजूद था। सभी कार से सोमवार देर रात करीब 11 बजे हापुड़ घर लौट रहे थे।
विज्ञापन
ओवरटेक करने के दौरान लगी टक्कर
कार मनीष शर्मा चला रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे पर शेखूपुरा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के दौरान कार को टक्कर मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए। रवि और मनीष को मामूली चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायलों को वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
विज्ञापन
सोनू की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मनाकर दिया था। शव घर ले गए। परिजनों ने कार्रवाई कराने से भी मना कर दिया।