Budaun News: स्कूल गई कक्षा नौ की छात्रा का अपहरण, पिता का आरोप- एक युवक कर रहा था ब्लैकमेल
छात्रा के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को एक युवक आपत्तिजनक फोटो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था। उन्होंने अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बदायूं के बिसौली क्षेत्र से 14 साल की छात्रा लापता हो गई। उसके पिता का आरोप है कि एक युवक छात्रा को आपत्तिजनक फोटो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इससे छात्रा परेशान थी। उसने अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है।
छात्रा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह कस्बे के एक विद्यालय में कक्षा नौ में पढ़ती है। उसके पिता का कहना है कि 22 फरवरी को वह बिसौली पढ़ने गई थी। तब से उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। जब छात्रा शाम तक घर नहीं आई तो परिवार वालों ने उसे तलाश करना शुरू किया।
युवक कर रहा था ब्लैकमेल
सभी रिश्तेदारियों में भी पता कर लिया लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। पिता का कहना है कि इस संबंध में उसके एक रिश्तेदार की कॉल आई थी। उसने बताया कि एक युवक ने छात्रा के आपत्तिजनक फोटो बना लिए थे। उन फोटो को दिखाकर युवक छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था।
आरोपी युवक छात्रा को फोटो वायरल करने की धमकी दे रहा था। वह युवक छात्रा का अपहरण करके ले गया है। छात्रा की जान को खतरा बना हुआ है। छात्रा के पिता ने अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।