बिल्सी। कोतवाली मोड़ से लेकर बादशाहपुर तक बनी सड़क में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सभासद और मोहल्ले के लोगों ने एसडीएम से शिकायत की है। उन्होंने जांच की मांग की है।
समाजसेवी चंद्रशेखर उर्फ टिंकू शाक्य ने कहा है कि बिल्सी में कोतवाली मोड़ से लेकर तहसील कार्यालय होते हुए गांव बादशाहपुर तक पीडब्ल्यूडी ने सड़क का निर्माण कार्य काफी धीमी गति से कराया जा रहा है। साथ ही सड़क में मानक के विपरीत कार्य किया जा रहा है। सभासद ने कहा कि सड़क को बना दिया गया, लेकिन सड़क के किनारे इंटरलॉकिंग का कार्य बहुत की धीमी गति से हो रहा है। एक माह से ज्यादा का समय बीत चुका है। इससे तहसील कार्यालय को जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इंटरलॉकिंग में पुरानी ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम से ठेकेदार द्वारा कार्य में बरती जा रही शिथिलता एवं गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में पिंडौल के प्रधान मुजाहिद खान, ज्ञान सिंह, राजाराम शाक्य, नवाब सिंह यादव आदि है। इधर, एसडीएम रिपुदमन सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद उक्त सड़क निर्माण की जांच शुरू कर दी गई है। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।