Independence Day 2024: बदायूं में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, कलक्ट्रेट में डीएम ने किया ध्वजारोहण
बदायूं जिले में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहरण किया गया। कलक्ट्रेट में डीएम निधि श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण करने के साथ पौधरोपण भी किया।
विस्तार
बदायूं जिले में स्वतंत्रता दिवस उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण हुआ। शहीद स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया गया। कलक्ट्रेट में डीएम निधि श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण करने के साथ पौधरोपण भी किया। कलक्ट्रेट स्थित शहीद स्थल, गांधी नेत्र चिकित्सालय समेत अन्य स्मारकों पर डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
बदायूं क्लब में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी बागीश पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता व डीएम समेत अधिकारियों के साथ ध्वजारोहण किया। सभी ने जिले के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद राज्यमंत्री एमएलसी बागीश पाठक, हरीश शाक्य आदि के साथ गूूरा हाउस पहुंचे तथा राजीव पाठक से मुलाकात की। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
तिरंगे बांटकर देशप्रेम की भावना का किया संचार
गायत्री शक्तिपीठ एवं आध्यात्मिक चेतना केंद्र पर, पंजाबी समाज सेवा समिति की ओर से शहीद भगत सिंह चौक पर ध्वजारोहण किया गया। युवा संकल्प सेवा समिति के सचिव पुनीत कुमार कश्यप ने शहर में तिरंगे बांटे। ह्यूमैनिटी सेवियर फाउंडेशन की ओर से मेडिकल कॉलेज में रोगियों को फल व जूस के पैकेट बांटे गए। उप्र पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई।
देशभक्ति के कार्यक्रमों की धूम
स्वतंत्रता दिवस देहात क्षेत्र में परंपरागत तरीके से धूमधाम से मनाया गया। ध्वजारोहण के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उझानी के एपीएस इंटरनेशनल स्कूल में पूर्व राज्यमंत्री विमलकृष्ण अग्रवाल, संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, देवनागरी इंटर कॉलेज और सहकारी क्रय विक्रय समिति कार्यालय पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, पालिका कार्यालय में पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल, एस्सल ओडियन पब्लिक स्कूल में रामप्रकाश शर्मा, एपीएम डिग्री कॉलेज में विष्णु भगवान अग्रवाल, आदर्श शिक्षा निकेता इंटर कॉलेज और सालिक राम इंटर कॉलेज में पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, मदरशील मेमोरियल अकादमी में नरसिंह थरेजा ने ध्वजारोहण किया।
बिल्सी के महाराणा प्रताप राजकीय पीजी कॉलेज, तहसील, नगर पालिका, बाबा इंटरनेशनल स्कूल, भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज, ग्रीन फील्ड इंटर कॉलेज, मदरसा फैजाने मिल्लत, इस्लामियां इंटर कॉलेज, शिशु शिक्षा सदन जूनियर हाईस्कूल, एसपीजेएम स्कूल में ध्वजारोहण किया गया।
सहसवान तहसील, बार एसोसिएशन कार्यालय, नेहरू इंटर कॉलेज, डीपी महाविद्यालय, ब्लॉक कार्यालय, नगर पालिका, पन्ना लाल इंटर कॉलेज में ध्वजारोहण किया गया।
उघैती। थाना परिसर, सुधारानी मॉडर्न स्कूल खंडवा, माधव इंटर कॉलेज, बैंक, विद्युत उपकेंद्र सहित क्षेत्र में ध्वजारोहण किया गया।