Budaun News: पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो सपा विधानसभा में उठाएगी हरीराम हत्याकांड
सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा कि जब वह द्वियोरी गांव में आए तो किसान हरीराम की बेटी ने वह वीडियो दिखाया, जिसमें अपराधियों ने किसान को मारा था। वह वीडियो अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए काफी है।
विस्तार
बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव द्वियोरी में शनिवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल मृतक किसान हरीराम के परिवार वालों से मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल बदायूं के सपा सांसद आदित्य यादव और आंवला के सपा सांसद नीरज मौर्या ने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वह पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। अगर अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी के विधायक यह मामला विधानसभा के दोनों सदनों में भी उठाएंगे। निश्चित तौर पर अपराधियों को जेल जाना चाहिए।
सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा कि जब वह द्वियोरी गांव में आए तो किसान हरीराम की बेटी ने वह वीडियो दिखाया, जिसमें अपराधियों ने किसान को मारा था। वह वीडियो अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए काफी है। हम समझते हैं कि अगर यह वीडियो पुलिस के पास तक नहीं पहुंचा है तो इसमें पुलिस की नाकामी है।
सपा सांसद ने कहा कि किसान को बचाने में उसकी बेटी, पत्नी और भतीजा तक घायल हुआ है। इसमें शर्मनाक बात यह है कि 10 नामजद अपराधियों में से केवल दो ही अपराधी पकड़े गए हैं। आठ अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। वह इस संबंध में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से बात करेंगे। अगर परिवार को न्याय नहीं मिला तो सपा के विधायक विधानसभा में भी उठाएंगे। इस दौरान सपा के प्रतिनिधिमंडल को तमाम लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं।
दुष्कर्म पीड़िता के परिवार वालों से भी मिले
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। उसके परिवार वालों से भी सपा का प्रतिनिधिमंडल मिला। इसमें शामिल सपा नेताओं ने पीड़िता के परिवार वालों को मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वह लगातार पीड़िता और उसके परिवार वालों को धमका रहे थे, जिससे पीड़िता ने फंदे से लटककर जान दे दी थी। इसमें वह अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कराने की मांग करेंगे।
भाजपा पर किए सियासीवार
आंवला सांसद नीरज मौर्या ने कहा कि भाजपा शासन में गुंडागर्दी चरम सीमा पर है। इस क्षेत्र की कई शिकायतें उनके पास आई हैं, जिनमें अधिकतर मामले जमीन से जुड़े हैं। उनमें सबसे ज्यादा भाजपा नेताओं के नाम सामने आए हैं। यहां प्रधान परिवार गुंडा टैक्स वसूल रहा है। पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, शेखूपुर विधायक हिमांशु यादव, सहसवान विधायक ब्रजेश यादव, कैप्टन अर्जुन सिंह, सुरेश पाल सिंह चौहान, रचित गुप्ता और राजपाल कश्यप मौजूद रहे।