बदायूं। एनएमएसएन दास डिग्री कॉलेज में बृहस्पतिवार को एनसीसी (राष्ट्रीय कैडेट कोर) के द्वितीय और तृतीय वर्ष के कैडेट्स के बीच निबंध लेखन और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं में राष्ट्रभक्ति, जागरूकता और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा दिया जा सके।
एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता का विषय था ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति की नई परिभाषा रहा। इसमें छात्र-छात्राओं ने भारत की सैन्य नीति, आतंकी घटनाओं पर जवाबी कार्रवाई और आत्मनिर्भर रक्षा रणनीति जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, पोस्टर प्रतियोगिता में नया भारत, सशक्त भारत विषय रहा। इसमें विद्यार्थियों ने रंगों और रचनात्मकता के जरिए देश की प्रगति और एकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में करण, शैलजा, तृप्ति, अनामिका, अश्वनी, रिशु, सुरभि, बाबूराम, हर्षित सक्सेना सहित कई एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। 21 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग अफसर कर्नल देवाशीष सिंह के निर्देशन में प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन दास डिग्री कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आशीष कुमार सक्सेना ने किया।