बदायूं। एनएसएस के दस दिवसीय स्वच्छता एक्शन प्लान कार्यक्रम के नवें दिन स्वयंसेवियों ने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।
राजकीय डिग्री कॉलेज के एनएसएस के जिला नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने अभियान चलाया। इसके तहत रोडवेज परिसर में व बसों में अंदर जाकर प्लास्टिक कचरे को निकाला और कूड़ेदान में डाला। स्वयंसेवियों ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान कचरा न फैलाएं।
ग्रुप लीडर रिंकू कश्यप ने यात्रियों से कहा कि प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग करें। यात्रा के दौरान इको फ्रेंडली सामान का ही प्रयोग करें। ग्रुप लीडर साक्षी गुप्ता ने यात्रियों से कहा कि स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनकर आप अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर सकते हैं। अनुज प्रताप सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा अधिक पैदा होने के पीछे हमारी मानसिकता जिम्मेदार है। इस मौके पर मोहित, अनामिका शाक्य, नेहा शाक्य, दीपमाला मिश्रा, शिवांगी, पायल जादौन, कोमल श्रीवास्तव, हेमलता, शिवांगी सक्सेना मौजूद रहे। संवाद