लाउडपीकर हटवाने की कोशिश पर पुलिस को घेरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब्दुल्लागंज में शिव मंदिर पर लगा लाउडस्पीकर हटवाने पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। गुस्साए ग्रामीणों ने नारेबाजी भी की। इसे लेकर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल भी बना रहा। पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाउडस्पीकर की शिकायत की थी। दोनों पक्षों के लोगों के लामबंद हो जाने से तनाव का माहौल बना हुआ है।
मामला मंगलवार सुबह का है। कोतवाली क्षेत्र के गांव अब्दुल्लागंज में प्राचीन शिव मंदिर पर रोज की तरह बाबा देवानंद ने भजन की सीडी लगाकर साउंड सिस्टम ऑन किया तभी एक व्यक्ति ने कोतवाली फोन कर दिया। उस व्यक्ति ने एक दिन पहले प्रशासनिक अफसरों से शिकायत की थी कि लाउडस्पीकर के बजने से इबादत में खलल पड़ता है। कोतवाल रामसूरत यादव ने अब्दुल्लागंज चौकी के सिपाही शीलेंद्र सिंह को लाउडस्पीकर बंद कराने के लिए मौके पर भेजा तो बाबा ने विरोध किया।
इसकी भनक लगते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में पहुंच गए। सिपाही ने कोतवाली से फोर्स भी बुलवा लिया। ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचे पुलिस के वाहन को घेर लिया। विरोध में नारेबाजी भी की। पूर्व प्रधान रवेंद्र सक्सेना और ग्रामीणों के साथ मौजूद आनंद मिश्र ने दरोगा से लाउडस्पीकर हटवाने के लिए आदेश लाने को कहा। पुलिस ने सख्ती दिखाने की कोशिश की तो हंगामा होने लगा। उधर, दूसरे पक्ष के लोग भी दूर खड़े लामबंद नजर आए। कोतवाल ने बताया कि फोर्स एसएसपी के आदेश पर भेजा गया था। तनाव के हालात के मद्देनजर पुलिस भी सक्रिय हो गई है।
घरों की छतों पर देखे गए ईंट-पत्थर
उझानी। अब्दुल्लागंज में दो पक्षीय तनाव की वजह से लोग पसोपेश में हैं। सूत्रों की मानें तो तनाव की बुनियाद जुलाई में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान ही रख गई थी। उसी वक्त से दोनों पक्ष के लोग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी लगाते रहे हैं। एक शिकायत पर ही रविवार को नई परंपरा पड़ से बच गई। इसके बाद से कुछेक लोगों ने घरों पर छतों पर ईंट-पत्थर इकट्ठे कर लिए हैं।
निरोधात्मक कार्रवाई को कई लोग सूचीबद्ध
उझानी। अब्दुल्लागंज में दो-तीन दिन लगातार बन-बिगड़ रहे माहौल की वजह से कोतवाली पुलिस भी परेशान है। मंगलवार दोपहर बाद चौकी पर तैनात एक सिपाही ने दोनों पक्ष के करीब 30-35 लोगों के नाम सूचीबद्ध कर लिए। माना जा रहा है कि पुलिस एक-दो दिन में उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर देगी।
कुछ लोग खराब करना चाहते हैं माहौल
मंदिर के महंत बाबा देवानंद महाराज कहते हैं कि लाउडस्पीकर कोई महीना-दो महीना से नहीं बल्कि सालों से नियमित बज रहा है। उस वक्त तो किसी को भी ऐतराज नहीं था लेकिन अब माहौल खराब करने का षड़यंत्र रचा जा रहा है।