{"_id":"62eec3883a3e3c0aa50d67c3","slug":"crime-badaun-news-bly4937448180","type":"story","status":"publish","title_hn":"Budaun: पराठे के रुपये मांगने पर भड़का सिपाही, दुकानदार को जमकर पीटा, फिर भीड़ ने खाकी को दिया ऐसे जवाब","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Budaun: पराठे के रुपये मांगने पर भड़का सिपाही, दुकानदार को जमकर पीटा, फिर भीड़ ने खाकी को दिया ऐसे जवाब
Sun, 07 Aug 2022 01:09 AM IST
बरेली ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, इस्लामनगर (बदायूं)
अमर उजाला नेटवर्क, इस्लामनगर (बदायूं)
Published by: बरेली ब्यूरो
Updated Sun, 07 Aug 2022 01:09 AM IST
सार
दीपक रोज शाम को मुख्य बाजार में पराठे का ठेला लगाता है। दीपक के अनुसार इस्लामनगर थाने में तैनात सिपाही रोजाना शाम को पराठे खाने आता है। कभी रुपये दे देता है तो कभी नहीं देता। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह पराठे खाने आया था। इस दौरान रुपये मांगने पर सिपाही भड़क गया और उसके साथ मारपीट कर दी।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
बदायूं के इस्लामनगर कस्बे के मुख्य बाजार में शुक्रवार रात एक सिपाही ने पराठे के रुपये मांगने पर खोमचे वाले के साथ मारपीट कर दी। डंडा मारकर उसका सिर फोड़ दिया। इससे गुस्साए लोगों ने सिपाही को पकड़कर पीट दिया और उसकी बाइक तोड़ डाली। बाद में पहुंची पुलिस सिपाही को थाने ले गई। खोमचे वाले का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
विज्ञापन
कस्बा निवासी दीपक रोज शाम को मुख्य बाजार में पराठे का ठेला लगाता है। उसकी पत्नी सुनीता भी आ जाती है। वह पराठे बनाती है और दीपक उन्हें ग्राहकों को देता है। दीपक के अनुसार इस्लामनगर थाने में तैनात सिपाही रोजाना शाम को पराठे खाने आता है। कभी रुपये दे देता है तो कभी नहीं देता। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह पराठे खाने आया था। उसने यहां बैठकर पराठे खाए। जब दीपक ने उससे रुपये मांगे तो उससे गाली-गलौज कर दी। उसने विरोध किया तो मारपीट कर दी। उसके सिर में डंडा मार दिया, जिससे उसका सिर फूट गया।
विज्ञापन
यह देखकर मौके पर तमाम लोग आ गए। उन्होंने सिपाही को घेर लिया। कुछ लोगों ने हाथापाई भी कर दी और उसकी बाइक तोड़ डाली। सूचना पर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस सिपाही को वहां से ले गई। बाद में दीपक को भी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उसका प्राथमिक उपचार करा दिया गया। इस संबंध में दीपक ने तहरीर नहीं दी है। इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह ने सिपाही को थाने से हटाकर नूरपुर पिनौनी पुलिस चौकी भेज दिया है। अभी उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
विज्ञापन