बिल्सी। पुत्र की शादी के कार्ड बांटकर रविवार रात बाइक से घर लौट रहा ग्रामीण धर्मवीर (42) बिल्सी-वजीरगंज मार्ग पर सिमर्राभोजपुर गांव के पास एक पुलिया से टकराकर खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सोमवार दोपहर ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो सूचना पुलिस को दी।
थाना क्षेत्र के गांव घंघौसी निवासी धर्मवीर रविवार शाम अपने पुत्र की शादी के कार्ड बांटने बाइक से धनारी (संभल) गए थे। शाम को वापस आते समय उनकी बाइक सिमर्रा भोजपुर के पास छुईया की पुलिया से टकरा गई। पुलिया से टकराने के बाद वह बाइक समेत खाई में जा गिरे। सोमवार की दोपहर लोगों ने खाई में उनका शव पड़ा देखा, तो पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शिनाख्त कराने के बाद परिजन को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताते हैं कि मृतक की बाइक पर हेलमेट टंगा था, इससे पुलिस ने अनुमान लगाया कि बाइक चलाते समय उन्होंने इसे नहीं पहना था।