बदायूं। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने बिसौली में बाईपास निर्माण की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता को ज्ञापन दिया। प्रदेश युवा अध्यक्ष नवनीत गुप्ता और नगर अध्यक्ष बिसौली कृष्णावतार शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने अन्य समस्याओं को भी जिलाध्यक्ष के समक्ष रखा।
ज्ञापन में कहा गया है कि बिसौली में बाईपास न होने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। जाम के कारण व्यापारियों को काफी समस्या होती है। उद्योग व्यापार बंधु की बैठक में भी कई बार बिसौली में बाईपास निर्माण का मुद्दा उठ चुका है। शासन ने इसके लिए एस्टीमेट भी मांगा था लेकिन बाद में काम लटक गया। व्यापारियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष से बाईपास निर्माण के लिए शासन स्तर पर पैरवी की मांग की। इस मौके पर नत्थूलाल मिश्रा, अनुज वार्ष्णेय, पुलकित वार्ष्णेय, आनंद प्रकाश गुप्ता आदि रहे। संवाद