Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   budaun kakora mela kalpwasis camps religious fervour

बदायूं मेला ककोड़ा: गंगा के किनारे बसने लगे कल्पवासियों के डेरे, 'आस्था की नगरी' में बढ़ी रौनक

Fri, 20 Nov 2026 08:36 AM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं Published by: Mukesh Kumar Updated Fri, 20 Nov 2026 08:36 AM IST
सार

बदायूं के ककोड़ा मेले में गंगा तट पर कल्पवासियों के डेरे बसने शुरू हो गए हैं। मेले में करीब 1200 दुकानें और दो मीना बाजार सज रहे हैं। यहां आस्था और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। 

विज्ञापन
budaun kakora mela kalpwasis camps religious fervour
मेला ककोड़ा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

बदायूं के कादरचौक इलाके में मेला ककोड़ा में कल्पवासियों के डेरे बसने शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही गंगा की कटरी में रौनक बढ़ने लगी है। बरेली सहित आसपास के जिलों से श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए हैं। कल्पवासी अपने लिए जगह तैयार करने और तंबू लगाने में जुट गए हैं। 

विज्ञापन


मेला क्षेत्र में करीब 1200 दुकानें लगती हैं। दो मीना बाजार भी सज रहे हैं। खान-पान के रेस्टोरेंट, बाल काटने व मुंडन संस्कार के अलावा हलवाइयों की दुकानें भी अलग रहती हैं। सब्जी की दुकानों का भी बाजार लगता है। मीना बाजार के साथ ढोलक, मंजीरे और पूजा-पाठ की सामग्री, पशुओं के सामान, घरेलू जरूरतों और किराना की दुकानें पहुंच गई हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ बाजार पूरी तरह गुलजार होने की उम्मीद है।
विज्ञापन


शाम को रंगीन लाइटें बढ़ा रहीं मेले की शोभा
मेला ककोड़ा। शाम को रंग-बिरंगी लाइटें मेले की शोभा और बढ़ा देती हैं। छतरीनुमा आकार की लाइटें बेहद आकर्षण लग रही हैं। बृहस्पतिवार की देर शाम मेला ककोड़ा की अनूठी छटा बिखेर रही थी। गंगा घाट तक लाइटें जगमग नजर आ रही थीं। आने वाले दो दिन में मेला क्षेत्र पूर्णरूप से रोशनी में नहाने लगेगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

मान्यता : कार्तिक में गंगा स्नान करने से रोग हो जाते हैं दूर
मेला ककोड़ा में कार्तिक माह के दौरान गंगा स्नान और कल्पवास का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि कार्तिक में गंगा स्नान करने से व्यक्ति रोग मुक्त होता है। मधुसूदनाचार्य ने बताया कि पांच दिन कल्पवास के बाद पूर्णिमा को गंगा स्नान करने से महीने भर के कल्पवास का लाभ मिलता है। 

गंगा तट पर दीपदान करने से एक हजार यज्ञ का फल प्राप्त होता है। इसी धार्मिक आस्था के चलते मेला ककोड़ा में हजारों श्रद्धालु परिवार सहित कल्पवास करते हैं। मेला ककोड़ा का विधिवत आरंभ कार्तिक शुक्ल पक्ष सप्तमी से होता है। इसी दिन ककोड़ा देवी मंदिर से झंडी मेला स्थल पर लाकर स्थापित की जाती है।

परमात्मा दास ने बताया कि शुक्ल पक्ष की षष्ठी को छठ पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। इसे पुत्रादि देने वाला पर्व कहते हैं। सपत्नीक गंगा पूजन का विशेष महत्व है। गंगा तट पर कल्पवास किया जाता है। अष्टमी को गोपाष्टमी के रूप में गो पूजन किया जाता है। अक्षय नवमी को पाप क्षय होते हैं। वहीं देवोत्थान एकादशी के रूप में गंगा तट पर देव आराधना करनी चाहिए। तुलसी विवाह भी लोग गंगा तट पर करते हैं। 
 

गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व
तुलसी एवं सालिगराम की पूजा, शिव पूजन, वैकुंठ चतुर्दशी और भगवान के वैकुंठ धाम का वास पूर्णिमा का भी विशेष महत्व है। मत्स्य भगवान के अवतार का बारहवां दिन माना जाता है। बताया कि स्नान के उपरांत गंगा में दीपदान करने से एक हजार यज्ञ का फल मिलता है। 

पूर्णिमा के दिन चंद्रमा उदय होने पर शिव, प्रीति, अनुसुइया, क्षमा आदि छठ कृतियों का पूजन करने से धनधान्य और यश की प्राप्ति होती है। महर्षि अंगिरा के अनुसार कार्तिक माह में गंगा स्नान करने से व्यक्ति रोग मुक्त होता है। पांच दिन के बाद भी पूर्णिमा को स्नान करने से महीने भर का लाभ मिलता है।

बोले कल्पवासी- मां गंगा का मिलता है आशीर्वाद
सिलहरी निवासी श्रीपाल सिंह पटेल ने मेला ककोड़ा में अपना डेरा डाला हुआ है। उनका कहना है कि हम तो कई पीढि़यों से यहां आ रहे हैं।कुर्मियों के लिए उत्सव और उत्साह का मेला है। पूरे परिवार को मां गंगा का आशीर्वाद मिलता है।

कासगंज के नगरिया की रेनू जोशी भी परिवार के साथ आई हैं। उन्होंने बताया कि 15 दिनों के लिए परिवार सहित झंडी पूजन के समय ही आ जाते हैं। रिश्तेदार भी मेले में आते हैं। बहुत अच्छा लगता है। ककोड़ा देवी और गंगा मैया की कृपा बनी रहती है। पीढि़यों से परिवार के लोग मेला में डेरा लगाते आ रहे हैं।

ढोल-मजीरे की थाप पर डीजे भारी, बदल रही सांस्कृतिक पहचान
मेला ककोड़ा की पहचान कभी ढोल-मंजीरों की थाप, आल्हा की गूंज और गंगा मैया के भजनों से होती थी, लेकिन बदलते दौर में इसकी सांस्कृतिक तस्वीर भी बदलने लगी है। अब तंबुओं से उठने वाली ढोल-मजीरों की आवाज की जगह डीजे और आधुनिक म्यूजिक सिस्टम ने ले ली है।

गंगा तट पर लगने वाला मेला ककोड़ा मूल रूप से ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा रहा है। पहले मेले में आने वाले लोग अपने साथ घर-गृहस्थी के सामान के अलावा ढोल, मंजीरे और अन्य वाद्य यंत्र भी लेकर आते थे। शाम होते ही तंबुओं में भजन-कीर्तन शुरू हो जाते थे। मेले में महिलाएं एक स्थान पर बैठकर गंगा मैया के पारंपरिक गीत गाती थीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के तंबुओं में ठहरे लोग भी खिंचे चले आते थे।

कई जगह आल्हा की दमदार तान सुनाई देती थी। इससे पूरा मेला भक्तिमय और लोक संस्कृति के रंग में रंगा दिखता था। समय के साथ मनोरंजन के साधन बदले तो मेले की परंपराओं पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। अब कल्पवासी अपने साथ आधुनिक साउंड सिस्टम और डीजे लेकर पहुंच रहे हैं।

उझानी से आए राजू ने बताया कि शाम होते ही तंबुओं से फिल्मी गानों की आवाज सुनाई देने लगती है। मनोरंजन के लिए लगने वाले साधनों में भी फिल्मी संगीत का बोलबाला है। कई जगह भजन-कीर्तन और लोकगीतों की जगह डीजे पर गाने सुनाई देते हैं। इससे मेले की पुरानी सांस्कृतिक पहचान धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही है।

गंगा स्नान के दौरान लापरवाही न करें श्रद्धालु
मेला में पहुंचे गोताखोर मुसाकिर ने बताया कि उनकी टीम मेला ककोड़ा में 65 लोगों को गंगा में डूबने से बचा चुकी है। स्नान के दौरान कई बार श्रद्धालु पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते। उत्साह में आगे बढ़ने या तेज बहाव वाले स्थान पर पहुंचने से हादसे की आशंका रहती है। ऐसे समय में उनकी टीम तत्काल मदद के लिए पहुंचती है।

मुसाकिर के मुताबिक, वर्षों से इस काम में लगे होने के कारण उन्हें गंगा की धारा और घाटों की स्थिति का अच्छा अनुभव है। श्रद्धालुओं की जान बचाना उनकी टीम की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गंगा स्नान के दौरान लापरवाही न करें, सुरक्षित स्थान पर ही स्नान करें और गहरे पानी में जाने से बचें। 

स्वयं सहायता समूहों के बनाए उत्पादों के लगेंगे स्टॉल
गंगा मेला ककोड़ा में पहली बार 43 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के तैयार उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। एनआरएलएम विभाग की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्टॉलों के लिए जगह का आवंटन भी हो गया है। इसमें समूह की महिलाएं अपने उत्पादों को बेचकर आय अर्जित कर सकेंगी।


डीसी एनआरएलएम रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि इन स्टॉलों पर मिट्टी के दीये, मसाले, रुई बत्ती, जरी-जरदोजी, जूता-चप्पल, ज्वैलरी, हर्बल साबुन, लेडीज पर्स सहित कई तरह के उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा समूहों की ओर से तैयार किए गए अन्य घरेलू और हस्तशिल्प उत्पाद भी मेले में बिक्री के लिए रखे जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मेला ककोड़ा में हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों को बड़े बाजार में बेचने का यह एक अच्छा मौका है। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और उनकी आय भी बढ़ेगी।

इधर, सीमा, रेनू, नरगिस, नीतू रानी, गीता व पूजा का कहना है कि अब तक उनके उत्पाद गांव और ब्लॉक स्तर तक ही सीमित रहते थे, लेकिन मेला में स्टॉल लगने से उन्हें जिले भर के लोगों तक पहुंचने का मौका मिलेगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed