बदायूं दोहरा हत्याकांड: प्रारंभिक जांच में दोषी मिले इंस्पेक्टर और दरोगा, हो सकती है बड़ी कार्रवाई
एचपीसीएल के दोहरे हत्याकांड में मूसाझाग थाने के तत्कालीन इंस्पेक्टर अजय कुमार और दरोगा धर्मेंद्र को बर्खास्त करने की सिफारिश की जा सकती है। हत्याकांड के बाद ये दोनों प्रारंभिक जांच में दोषी पाए गए थे। इनके खिलाफ विभागीय जांच तेज हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में बहुचर्चित एचपीसीएल के दोहरे हत्याकांड में मूसाझाग के तत्कालीन इंस्पेक्टर अजय कुमार और दरोगा धर्मेंद्र की बड़ी लापरवाही का खुलासा हो चुका है। मई में पूरी हुई प्रारंभिक जांच में दोषी मिलने के बाद अब विभागीय जांच और तेज हो गई है। सितंबर तक विभागीय जांच पूरी होने के बाद दोषी इंस्पेक्टर और दरोगा के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसमें इंस्पेक्टर और दरोगा को बर्खास्त करने की भी सिफारिश की जा सकती है। इधर, विभागीय जांच के बीच दोषी इंस्पेक्टर को बहाल करने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में मारे गए हर्षित मिश्रा के परिजनों ने एसएसपी से बात कर आपत्ति जताई है।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि हत्याकांड में अभी प्रारंभिक जांच पूरी हुई है। इसकी रिपोर्ट मई में मिल गई थी। इसमें इंस्पेक्टर और दरोगा दोषी मिले। दोनों के विरुद्ध विभागीय जांच जल्द करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए हैं। विभागीय जांच रिपोर्ट आने के बाद बड़ी कार्रवाई की जाने की बात कही गई है।
शिकायत पर नहीं की थी कार्रवाई
हत्याकांड से पहले उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता ने थाने में आरोपी अजय प्रताप के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की थी। लेकिन उस समय इंस्पेक्टर अजय कुमार ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और शिकायत को अनसुना कर दिया था। उप महाप्रबंधक ने इस मामले की शिकायत तत्कालीन एसएसपी और डीएम से कर सुरक्षा की भी मांग की थी। अधिकारियों के निर्देश के बाद भी इंस्पेक्टर ने केवल धमकाने के आरोप में रिपोर्ट कर मामले को टालने का काम किया था।
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए, उन्हें विभागीय जांच में शामिल किया गया है। इसके साथ विभागीय जांच में मूसाझाग थाने में इंस्पेक्टर और दरोगा की तैनाती की भी जांच की जा रही है। वहीं, दोहरे हत्याकांड की प्रारंभिक जांच में दोषी मिले निलंबित इंस्पेक्टर अजय कुमार को बहाल करने के मामले को लेकर अधिकारियों की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जबकि दरोगा धर्मेंद्र का निलंबन अभी तक जारी है।
हर्षित के पिता ने एसएसपी से बात कर जताई आपत्ति
हर्षित मिश्रा के पिता सुशील मिश्रा ने दोषी इंस्पेक्टर को बहाल करने को लेकर पुलिस अधिकारियों की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एसएसपी से फोन पर बात कर बहाली पर आपत्ति जताई है, हर्षित के पिता ने बताया कि एसएसपी से फोन पर बात हुई तब उन्होंने कहा कि दोषी इंस्पेक्टर के परिजन मिले थे, उन्होंने आर्थिक तंगी की बात कही, इसलिए बहाल किया है। उन्होंने बताया कि दोहरे हत्याकांड में पुलिस अफसरों का रवैया शुरुआत से खराब रहा है।
एचपीसीएल प्लांट के चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में सोमवार को जिला न्यायालय में जिला जज विवेक संगल की अदालत में सुनवाई होगी। इस दौरान मामले से जुड़े गवाहों के बयान होंगे। गवाह के बयान आगे की न्यायिक कार्रवाई में अहम हिस्सा बनाए जाएंगे। बता दें कि सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को आरोपी अजय प्रताप ने प्लांट में घुसकर उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि एचपीसीएल प्लांट के दोहरे हत्याकांड में प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मई में आई थी, अभी विभागीय कार्रवाई चल रही है। विभागीय कार्रवाई के बाद दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।