Budaun News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, आधा किमी तक घिसटता रहा युवक
वाहन की टक्कर बाइक काफी दूर उछलकर गिरी और युवक वाहन में फंस गया। चालक ने वाहन नहीं रोका, जिससे युवक आधा किमी तक घिसटता रहा।
विस्तार
बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद युवक वाहन में फंस गया। वाहन में फंसा युवक करीब आधा किलोमीटर तक घिसटता रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सोमवार को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी 40 वर्षीय बृजेश पाल अपनी ननिहाल बिनावर गया था। यहां पर उसने लालता प्रसाद के यहां दावत खाई और सोमवार रात 11 बजे वह बाइक से अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान बिनावर थाना क्षेत्र में मलगांव से पहले ही अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी।
काली माता मंदिर के पास पड़ा मिला शव
हादसे के बाद उसकी बाइक काफी दूर उछलकर गिरी और बृजेश वाहन में फंस गया। चालक ने वाहन नहीं रोका। बृजेश करीब आधा किमी घिसटता रहा। मलगांव स्थित काली मां के मंदिर के पास उसका शव मिला। शव को देख वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पुलिस ने काफी देर तक प्रयास कर शव की शिनाख्त कराई। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस संबंध में एसएचओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी है। चालक की तलाश की जा रही है।